News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. प्रदेश के निजी इंजीनियरिंग कालेजों की मनमानी फीस पर माहौल गरमाता जा रहा है। शनिवार को सभी निजी कालेजों ने शासन के किसी भी आदेश को मानने से इनकार कर दिया। तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा तय की गई फीस को कम बताते हुए कालेज प्रबंधकों ने मनमानी फीस वसूली जारी रखी।
तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा फीस तय करने के विरोध में निजी कालेजों के प्रबंधकों ने दोपहर बाद बैठक की। फिर उन्होंने संचालक डा. डीएस बल से मुलाकात कर स्पष्ट कर दिया कि वो सरकार के फैसले को नहीं मानेंगे। वे उतनी ही फीस वसूलेंगे, जितनी उन्होंने तय की है। बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार जो अंतिम फीस तय की जाएगी, उसके हिसाब से वे राशि वापस करने को तैयार होंगे।
दोपहर बाद काउंसिलिंग कैंपस में छात्रों की भीड़ ने जबर्दस्त हंगामा किया। एनएसयूआई के नेतृत्व में छात्रों ने प्राइवेट इंजीनियरिंग कालेजों को निशाना बनाया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने कहा कि निजी कालेजों द्वारा ली जा रही दोगुनी फीस से गरीब और मध्यम वर्गीय छात्रों की मुसीबत बन गई है। फीस की रकम चुकाने में छात्रों के पसीने छूट रहे हैं।
एडमिशन पर लगेगी रोक: बल
तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक डा. डीएस बल ने दो टूक कह दिया है कि कालेजों ने सोमवार तक मनमानी फीस वसूली नहीं रोकी तो उनके एडमिशन पर रोक लगा दी जाएगी। ऐसे कालेजों को काउंसिलिंग से बाहर कर दिया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार फीस तय होना है। जब फीस तय हो जाएगी, तब कालेज अतिरिक्त राशि वसूल सकते हैं। उन्हें यह राशि विभाग लेकर देगा, क्योंकि सभी छात्रों से शपथ पत्र भी लिखवाया गया है। शासन के निर्देशों की अवहेलना होगी तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
काउंसिलिंग नहीं होने देंगे : एनएसयूआई
एनएसयूआई के रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष पंकज मिश्रा ने निजी इंजीनियरिंग कालेजों को चेतावनी दी है कि अगर वे मनमानी फीस वसूली पर रोक नहीं लगाएंगे, तो काउंसिलिंग नहीं होने दी जाएगी। शनिवार को दोपहर बाद नारेबाजी के साथ हंगामा करने पहुंची एनएसयूआई के छात्रों की भीड़ ने घूम-घूमकर कालेजों को आगाह किया।
एनएसयूआई छात्रों का शोषण नहीं होने देगी। सरकार अगर कालेजों की मनमानी फीस पर लगाम नहीं लगा सकती तो यह कदम हमें उठाना पड़ेगा। सोमवार से अगर फीस की रकम कम नहीं होती है तो काउंसिलिंग बंद करा दी जाएगी।