पूर्व पुर्तगाली कॉलोनी मकाऊ को दिसंबर 1999 में चीन को सौंपा गया था। केवल 23.5 वर्ग किमी का क्षेत्र कवर करने के बावजूद मकाऊ इतिहास, संस्कृति और मनोरंजन की बड़ी विरासत अपने आप में समेटे है। शहर की गतिविधियों के मुख्य केंद्र सेनाडो स्क्वेयर में मौजूद कई आलीशान और मशहूर इमारतें इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाती हैं। इनमें लील सेनाडो (लॉयल सीनेट बिल्डिंग) और चर्च ऑफ सेंट डोमिनिक प्रमुख हैं।
शॉपिंग के लिए आदर्श
खरीदारी के लिए तो यह शहर आदर्श है। सेंट डोमिनिक मार्केट से सेनाडो स्क्वेयर तक आपको कतार में शॉप्स ही शॉप्स दिखाई देंगी। यहां पर आप सोने से लेकर ड्राय फूट्र्स तक हर चीज खरीद सकते हैं। पहाड़ियों की ओर से इस शहर का मनोहारी लुक देखने लायक है। यदि आपको ऐतिहासिक चीजों के बारे में जानने का शौक है तो सेंट एंथोनी चर्च और आ-मा टेंपल जाना न भूलिए। लकड़ी की कलाकारी का बेहतरीन उदाहरण यह चर्च 1560 के आसपास बनाया गया था। ज्यादातर लोगों का मानना है कि मकाउ को यह नाम चीनी शब्द अ-मा-गाउ से मिला है जिसका मतलब है आ-मा का किनारा। शहर में दूसरे बेहतरीन चर्च और कोलोनियम पुर्तगाली मेंशन भी हैं।
एशिया की मनोरंजन राजधानी
कई विश्वस्तरीय इंटरटेनमेंट कॉम्पलेक्स के कारण मकाऊ को मौजूदा समय में एशिया की इंटरटेनमेंट कैपिटल भी कहा जाने लगा है। यहां आपको कई ऐसे आलीशान कैसिनोज मिलेंगे कि लास वेगास शहर भी शरमा जाए। दुनिया के किसी दूसरे शहर की तुलना में यहां सबसे अधिक टेबल और पूल गेम खेले जाते हैं।
गोल्फ, हॉर्स रेसिंग, ग्रे हाउंड रेसिंग के साथ ही बेहतरीन स्पा सेंटर और नाइट लाइफ की जगमगाहट मकाऊ को खास बनाती है। मकाऊ ग्रांप्री शहर का प्रमुख आकर्षण है, यहां जाना भी बेहद सुविधाजनक है। हांगकांग से यहां के लिए कई फ्लाइट कनेक्शन हैं। हांगकांग से मकाऊ पहुंचने में बेहद कम समय लगता है और सबसे बड़ी बात यह कि इसके लिए वीजा की भी जरूरत नहीं होती। यदि आप बेहतरीन माहौल में छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो मकाऊ बेहतरीन विकल्प है।