News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati रतनगढ़. गर्मी के मौसम में जहां शहर के वार्डो व ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या से लोग परेशान है, वहीं विभागीय उदासीनता के चलते तहसील में कई स्थानों पर पाइप लाइन लीकेज से रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है।
राजलदेसर, लूंछ, बीरमसर, चूरू रोड, देराजसर सड़क मार्ग, लोहा व शहर के कई वार्डो में पेयजल आपूर्ति लाइन से निरंतर पानी का रिसाव होने से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह जाता है। पाइप लाइनों से हो रहे पानी के रिसाव के कारण शहर व गांवों में पेयजल समस्या भी उत्पन हो गई है। कई क्षेत्रों में लोग खरीदकर पीने योग्य पानी का जुगाड़ कर रहे हैं।
कई गांवों में समस्या इतनी गंभीर है कि पशुओं को पिलाने के लिए भी पानी दूसरे गांवों से लाना पड़ रहा है। ग्राम कुसुमदेसर के नरेंद्र चौधरी, जोराराम डूडी, गोविंदराम भींचर, हरलाल जाट, मनफूल डूडी ने बताया कि पीने का पानी मैणासर गांव से लाना पड़ रहा है, वहीं पशुओं को पानी पिलाने के लिए ग्राम छाबड़ी ले जाना पड़ रहा है। कमोबेश यही हालात शहर के कई वार्डो के हैं। वार्ड 18 में तो कई घरों के नलों में पानी आए महीनों बीत चुके हैं।
कैसे पहुंचे पानी
ग्राम लूंछ में भी पेयजल समस्या से उपभोक्ता परेशान है। लूंछ व सांगासर के बीच पेयजल आपूर्ति लाइन क्षतिग्रस्त है, जिसकी वजह से आपूर्ति के समय पानी व्यर्थ बहता है और उपभोक्ताओं तक पानी नहीं पहुंचता।
क्षतिग्रस्त पाइप लाइनें ठीक करने व लीकेजों को दुरुस्त करने के निर्देश दे दिए गए हैं, शहर व देहात क्षेत्र में विभाग के कर्मचारी दो-तीन दिनों में सभी लिकेज ठीक कर देंगे।
-प्रहलादराय पंवार,अधिशासी अभियंता,जलदाय विभाग