जयपुर
अग्रणी टू-व्हीलर कंपनी होंडा मोटर साइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने शनिवार को अपनी नई 125 सीसी स्पोर्टी बाइक सीबीएफ स्टनर राज्य में लांच की। युवाओं को लक्षित कर लांच की गई यह बाइक 21 जुलाई से बाजार में उपलब्ध होगी।
कंपनी के डिवीजनल हैड (सेल्स एंड मार्केटिंग) एन.के. रतन ने पत्रकारों को बताया कि कंपनी ने यूनिकॉर्न और शाइन के बाद भारत में यह तीसरी मोटरसाइकिल लांच की है। यह किफायती कीमत पर आकर्षक उत्पाद पेश करने की दिशा में एक कदम है, जो युवा पीढ़ी को बेहद पसंद आएगी। रतन के अनुसार बीते वर्ष टू-व्हीलर मार्केट में सात प्रतिशत मंदी रही, लेकिन इस मंदी से कंपनी पर कोई असर नहीं पड़ा।
वर्ष 2007-08 में कंपनी ने 9.07 लाख यूनिट बेचकर 27 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष में 10 लाख यूनिट बेचने का लक्ष्य रखा है। इसमें से सात लाख स्कूटर और तीन लाख बाइक्स बेचने का लक्ष्य है।
कंपनी के रीजनल हैड दीपक सोनी के मुताबिक सीबीएफ स्टनर तीन वैरिएंट्स में उपलब्ध होगी, जिनकी कीमत 47448 रुपए , 50224 रुपए और 52074 रुपए (एक्सशोरूम जयपुर) होगी। इस अवसर पर कंपनी के स्थानीय डीलर सतनाम होंडा के हरपाल सिंह, श्रेरित होंडा के ऋषि पोद्दार और एडवेंट होंडा के संतोष कुमार उपस्थित थे।
स्टनर की खासियतस्पोर्टी व स्टाइलिश लुक, 60 किमी. प्रति लीटर का माइलेज, सामान रखने की जगह, 240 मिमी. फ्रंट डिस्क ब्रेक, 11 बीएचपी इंजन, 5 स्पीड ट्रांसमिशन।