कराची‘आसिफ प्रकरण’ के बाद आलोचना से घिरे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी बेदाग टीम उतारने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में पाक के 30 में से 26 संभावित क्रिकेटरों ने रविवार को डोप टेस्ट दिए। ये टेस्ट लाहौर में वल्र्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी (वाडा) के प्रतिनिधियों ने लिए। गौरतलब है कि आईपीएल के डोप टेस्ट में पाक के तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ का ‘ए’ सैंपल पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद से पीसीबी आलोचना के घेरे में है।
यूनिस समेत चार का टेस्ट नहीं :
चैंपियंस ट्रॉफी के 30 संभावितों में से 4 यूनिस खान, बाजिद खान, यासिर अराफात और अजहर अली टेस्ट के दौरान मौजूद नहीं थे। यूनिस खान इस दौरान शहर से बाहर थे, जबकि बाकी तीन क्रिकेटर इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं।
10 दिन में आ जाएंगे परिणाम:
पीसीबी मेडिकल कमीशन के डॉ. सोहैल सलीम ने कहा कि टेस्ट के परिणाम 10 दिन में आ जाएंगे। उन्होंने बताया कि टेस्ट के सैंपल अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक कमेटी से मान्यता प्राप्त मलेशिया की लेबोरेटरी में भेजे जाएंगे।
डोपिंग बर्दास्त नहीं करेगा पीसीबी:
सलीम ने कहा कि पाक क्रिकेट बोर्ड डोपिंग बर्दाश्त नहीं करेगा। ये टेस्ट इस बात के सबूत हैं। उन्होंने कहा कि पीसीबी यह सुनिश्चित करना चाहता है कि उसका कोई भी क्रिकेटर ‘दागी’ न हो।
पिछले टेस्ट में नाकाम रहे थे शोएब: अक्टूबर 2006 में प्रतिबंधित पदार्थ नैंड्रोलिन का दोषी पाए जाने के बाद शोएब अख्तर का पहली बार डोप टेस्ट में लिया गया। पिछली बार भारत में हुए चैंपियंस ट्रॉफी से ठीक पूर्व अख्तर और मोहम्मद आसिफ डोपिंग के दोषी पाए गए थे। छिपाने को कुछ भी नहीं-अख्तर: डोप टेस्ट में शामिल होने के बाद पाक पेसर शोएब अख्तर ने कहा कि उन्होंने टीम में शामिल होने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके लिए उन्होंने फिटनेस कार्यक्रम भी शुरू कर दिया है। डोप टेस्ट के बाबत उनके पास छिपाने को कुछ भी नहीं है।