News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior गुना.
एचआईवी एड्स के प्रति लोगों में जागरुकता लाने के लिए शहर के संवेदनशील इलाकों में कंडोम के बाक्स लगाए जा रहे हैं। इसी के साथ लोगों में पेम्प्लेट, पोस्टरों व उनसे व्यक्तिगत चर्चा कर एड्स के प्रति जागरुकता लाई जाएगी।
जिला एड्स नियंत्रण समिति और एक सामाजिक संस्था के सहयोग से एड्स का भयानक अंधेरा छाने से पहले जीवन में उजाले की किरण जगाने नई पहल की जा रही है। अभी तक जिला अस्पताल और रडक्रास में कंडोम बाक्स उपलब्ध थे लेकिन अब बसस्टेंड, स्टेशन सहित संवेदनशील इलाकों में कंडोम मुफ्त में आसानी से उपलब्ध रहेंगे। शनिवार को इस कार्यक्रम की शुरुआत बसस्टेंड पर कंडोम बाक्स लगाकर की गई। एड्स के लिए जनजागरुकता प्रोग्राम के तहत एक सप्ताह में शहर के संवेदनशील इलाकों में कंडोम बॉक्स लगाए जाएंगे।
प्रोग्राम के नोडल अधिकारी डा. आरएस भाटी ने बताया कि इसमें करीब पांच से सात चुनिंदा स्थानों पर बॉक्स लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसमें स्थानीय स्तर पर दुकानों की स्वैच्छिक मदद भी ली जाएगी। दुकानदार समय-समय पर बाक्स खाली होने की सूचना विभाग को देंगे। इसके बाद बाक्स को भर दिया जाएगा। संस्था के कार्यकर्ता श्रीकांत शर्मा ने बताया कि इसके लिए पेम्प्लेट, पोस्टर्स के अलावा व्यक्तिगत चर्चा कर एड्स के बार में जागरुकता का काम किया जाएगा।
अधिकांश मरीज जांच कराने या अस्पताल आने में हिचकते हैं लेकिन लोगों को इससे घबराने की बजाय आगे आकर जांच करानी चाहिए। इसके लिए जिला अस्पताल स्थित एड्स क्लीनिक आकर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि यदि मरीज एचआईवी पॉजीटिव पाया जाता है तो मरीज को मुफ्त दवाइयां, परिवहन खर्चे, रहने, खाने की व्यवस्था कर मुफ्त इलाज किया जाएगा।
खास है कि संस्था के कार्यकर्ताओं के साथ इस काम में पॉजीटिव लोग एचआईवी से बचाव के संदेश का प्रचार-प्रसार करेंगे। श्री शर्मा ने बताया शारीरिक रुप से कमजोर मरीजों को छांटा जा रहा है। सबसे पहले मरीजों को पौष्टिक खान-पान उपलब्ध कराकर शारीरिक रूप से मजबूत बनाया जाएगा।
जिससे वे भी प्रचार-प्रसार के लिए काम कर सकें। इसके लिए सोमवार को ख्क् लोगों की बैठक भी आयोजित की गई है। जिला एड्स काउंसलर समिति की काउंसलर शैली राय ने बताया कि एड्स के मरीज एड्स के प्रति अब जागरुक होने लगे हैं लेकिन यह योजना सोने पर सुहागा साबित होगी।
अब तक 54 एचआईवी पाजीटिव: जिले में अब तक एचआईवी पाजीटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 54 हो चुकी है। अगस्त 03 से 19 मई 08 तक 4197 लोगों के एचआईवी टेस्ट किए गए। जिनमें से 54 मरीज पाजीटिव पाए गए। काउंसलर सुश्री राय ने बताया कि मई माह तक 51 मरीज थे। सबसे ज्यादा मरीज मार्च माह में 7 पाजीटिव मरीज मिले हैं। माहवार आंकड़ों पर गौर करें तो जनवरी में मरीजों की संख्या शून्य थी। जबकि फरवरी में 2, मार्च में 7, अप्रैल में 6, मई में 1 एचआईवी पाजीटिव मरीज मिले।