लखनऊ‘नेशनल इलेक्शनवाच नेटवर्क’ नामक संस्था ने वर्तमान लोकसभा के सांसदों और राजनीतिक दलों पर एक सर्वे कर खुलासा किया है कि कुल 543 सांसदों में से 120 के खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं। इनमें भाजपा के 29, कांग्रेस के 24, सपा के 11, राजद के 8, माकपा के 7, बसपा के 7, राकांपा के 5 तथा भाकपा के 2 सांसद शामिल हैं। छह सांसद तो हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं।
सर्वे के अनुसार सांसदों के खिलाफ दर्ज कुल आपराधिक मामलों में से 333 संगीन मामले हैं। कई जनप्रतिनिधियों के खिलाफ तो अनेक मामले दर्ज हैं। हत्या, लूटपाट, डकैती, अपहरण और चोरी जैसे जघन्य अपराधों के मामले में सपा सबसे आगे हैं। इनके सांसदों के खिलाफ 80 मामले दर्ज हैं। 43 मामलों के साथ बसपा दूसरे नंबर पर है। इसके बाद भाजपा (17), कांग्रेस (16), राजद (9), माकपा (5), राकांपा (2), भाकपा (1) की बारी आती है।
सर्वे ने खुलासा किया है कि धोखाधड़ी, जालसाजी और लोकसेवक के समक्ष फर्जी शपथ लेने जैसे मामलों में 23 सांसदों के साथ बसपा अव्वल रही है। राजद और कांग्रेस ने दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया है। इनके क्रमश: 22 और 21 सांसदों के खिलाफ ऐसे मामले दर्ज हैं। लिस्ट में भाजपा के 11, सपा के 11 तथा माकपा के 6 सांसद भी शामिल हैं।