HomeNewsMetrosIndore Indore

बस पलटी, आठ की मौत

झाबुआ/राणापुर/जोबट. जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर राणापुर में जोबट नाके पर रविवार सुबह 7.05 बजे ओवरलोड बस पलट गई। दुर्घटना मे आठ लोगों की मौत हो गई जिसमें एक महिला, बालक सहित छह युवक शामिल हैं।

आक्रोशित भीड़ ने राणापुर स्वास्थ्य केंद्र पर हंगामा कर विधायक से झूमाझटकी की। सुबह 6 बजे बस (एमपी45 एफ-0143) जोबट से झाबुआ के लिए रवाना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की क्षमता 52 यात्रियों की है लेकिन इसमें सौ से अधिक सवारियों थी। राणापुर से कुछ दूर पहले बस की कमानी का एक पत्ता टूट गया और स्टेयरिंग फेल हो गई।

चालक साबिर स्थिति को भांप गया, चाचा नेहरू बालोद्यान के पास वह कूद गया जिसके बाद बस असंतुलित होकर पलटी खा गई। रोने-कराहने की आवाज सुनकर लोग मदद के लिए दौड़े और जेसीबी से बस को सीधा किया। राणापुर स्वास्थ्य केंद्र मे प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश को झाबुआ भेजा गया।

दबने से 8 लोगों की मौत हो गई जबकि 88 घायल हो गए जिनमें तीन की हालत गंभीर है। मरने वाले पांच युवक संविदा शाला वर्ग दो की पात्रता परीक्षा देने के लिए जोबट व उदयगढ़ से झाबुआ आ रहे थे। ओवरलोड बस के पलटने से आक्रोशित भीड़ ने राणापुर स्वास्थ्य केंद्र पर जमकर हंगामा किया।

विधायक के साथ झूमाझटकी
क्षेत्रीय विधायक पवेसिंह पारगी के साथ झूमाझटकी की। कलेक्टर जगदीश शर्मा, एसपी डॉ. आशा माथुर, एसडीएम एम.एल. कनेल पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। एसडीओपी एन.के. नवीन व थाना प्रभारी कन्हैयालाल डांगी को भीड़ ने खदेड़ दिया।

मृतकों के नाम
जोबट की पूजा पति निलेश उपाध्याय (26), जुवानसिंह पिता नाहरसिंह (38), कमलेश पिता कांतिलाल देवड़ा (24), दिलू मना (38), उदयगढ़ के विक्रम पिता दुकालसिंह (22), नीलेश पिता कन्हैयालाल माली (16), बन के दिनेश पिता मांगीया पटलिया (24), ईशपुर के मनोज सुदर्शन राठौड़ (26)।

आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपए, स्वास्थ्य राज्य मंत्री निर्मला भूरिया की ओर से पांच-पांच हजार रुपए, रडक्रॉस सोसायटी झाबुआ से 140-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है।

गंभीर घायलों को रडक्रास की ओर से पांच-पांच हजार जबकि सामान्य घायलों को दो-दो हजार रुपए की सहायता दी गई। आलीराजपुर कलेक्टर चंद्रशेखर बोरकर ने अलग से मृतक के परिजनों, घायलों को आर्थिक सहायता प्रदान की है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: