HomeNewsMetrosIndore Indore

सूट नहीं बदला तो चांटा जड़ा

इंदौर. मालवा मिल चौराहे के पास रविवार शाम एक युवती व उसकी मां का दुकानदार दंपति से सलवार सूट बदलने को लेकर विवाद हो गया। बाद में युवती के पिता व अन्य परिजन रायफल लेकर पहुंचे और उन्हें पीटने लगे। इससे नाराज व्यापारी जुटे और हमलावरों पर टूट पड़े। हमलावर बचने के लिए पुलिस चौकी में छिपे तो भीड़ वहां भी घुस गई। उन्हें भी पीटा और चौकी में भी तोड़फोड़ कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक निकिता टेक्सटाइल्स पर शाम 4.30 बजे एक युवती मां के साथ पहुंची। उसने मालिक मुकेश तनेजा व उनकी पत्नी गुरमीत को 15 दिन पहले खरीदा 850 रुपए का कॉटन सूट वापस लेने को कहा। उसका कहना था सूट घटिया क्वालिटी का है। गुरमीत ने मना किया तो युवती की मां ने चांटा जड़ा और सबक सिखाने की धमकी देकर चली गई।

करीब साढ़े सात बजे युवती, उसकी बहन, मां-पिता व दो भाई पहुंचे और दुकानदार दंपति को पीटने लगे। श्री तनेजा ने आंखों की खराबी का हवाला भी दिया लेकिन नहीं माने। युवती के पिता रायफल लिए थे। शोर मचा तो आसपास के दुकानदार भी पहुंच गए। इस दौरान दुकान के पास रहने वाले पूर्व पार्षद कल्याण देवांग भी उतर आए। सभी ने हमलावरों को समझाने की कोशिश की तो उन पर ही बंदूक तान दी। इससे भड़के लोग टूट पड़े।

पुलिस चौकी में भी पीटा, ट्रैफिक जाम
हमलावर बचाव के लिए भागे और मालवा मिल पुलिस चौकी में घुस गए। नाराज लोगों ने वहां भी पीटा। इस दौरान चौराहे पर ट्रैफिक जाम हो गया। हंगामे की सूचना पर सीएसपी शैलेंद्रसिंह चौहान, रायसिंह नरवरिया परदेशीपुरा, तुकोगंज व एमआईजी थाने का बल लेकर पहुंचे। तब तक चौकी में भी जमकर तोड़फोड़ हो चुकी थी। पुलिस ने बमुश्किल भीड़ हटाई और हमलावर परिवार को तुकोगंज थाने पहुंचाया।

अपोलो टॉवर के सिक्युरिटी इंचार्ज का परिवार गिरफ्तार
सीएसपी ने बताया आरोपी दयाशंकर पिता देवपाल (42), उसकी पत्नी सीता, बेटियां राखी, पूजा, बेटे बालकृष्ण व सूरज निवासी श्यामनगर एनेक्स को गिरफ्तार कर लिया है। दयाशंकर अपोलो टॉवर में सिक्युरिटी इंचार्ज है। उसकी बंदूक भी जब्त कर ली है।

व्यापारियों ने की सुरक्षा की मांग : इस बीच क्षेत्रीय नेताओं के साथ सैकड़ों व्यापारी थाने पहुंच गए और सीएसपी से हमलावरों पर कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप था आए दिन ऐसे विवाद होते रहते हैं। आसपास के लोग समय पर नहीं आते तो हमलावर तनेजा दंपति को मार सकते थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: