नई दिल्लीअपने-अपने सांसदों की एकजुटता तथा पार्टी की ताकत दिखाने के मकसद से रविवार की रात ‘भोजनीति’ का दौर भी देखने को मिला। इसके तहत प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी ने शानदार रात्रि भोजों का आयोजन किया। प्रधानमंत्री ने यूपीए सांसदों के लिए भोज आयोजित किया, जिसमें भाजपा से बगावत कर सपा में शामिल हुए सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। अशोका होटल में आयोजित इस भोज में सपा नेता अमर सिंह खुद ब्रजभूषण को लेकर पहुंचे। भोज के दौरान जेएमएम प्रमुख शिबू सोरेन पर भी निगाहें टिकी रहीं। उनकी पार्टी के अन्य चार सांसद भी भोज में मौजूद थे।
भोज में अनेक केंद्रीय मंत्रियों के अलावा द्रमुक से निलंबित दयानिधि मारन, सपा के बागी सांसद राज बब्बर, द्रमुक की कानिमोझी, सपा के एस बंगरप्पा, पीडीपी नेता मुफ्ती मोहम्मद सईद व उनकी सांसद पुत्री मेहबूबा मुफ्ती भी आए।
आडवाणी के आवास पर एनडीए सांसदों के भोज में हरियाणा से कांग्रेस के बागी नेता कुलदीप बिश्नोई ने पहुंचकर उपस्थितजनों को चकरा दिया। भोज में एनडीए घटकों के अधिकतर सांसद मौजूद थे। शिवसेना के एक सांसद गैरहाजिर रहे। शिरोमणि अकाली दल का भी एक सांसद नहीं पहुंचा। दोनों ही पार्टियों ने दावा किया है कि उनके सभी सदस्य एनडीए के साथ ही वोट डालेंगे।
भाजपा संसदीय दल के प्रवक्ता विजयकुमार मल्होत्रा ने दावा किया कि पार्टी के पांच बीमार सांसदों में पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी व अभिनेता-सांसद धर्मेंद्र के मतदान में मौजूद रहने की पुष्टि हो गई है। अन्य तीन लोगों को दिल्ली लाने की व्यवस्था की जा रही है।
भाजपा को सरकार के गिरने का भरोसा
नई दिल्ली : विश्वास मत से ठीक पहले भाजपा के एक और जद-यू के दो सांसदों के पाला बदलने की खबरों के बीच रविवार को भाजपा संसदीय दल ने भरोसा जताया कि मंगलवार को यूपीए सरकार गिर जाएगी। देश में आम चुनाव होंगे।
संसदीय दल की बैठक में करीब सात सदस्य नहीं पहुंच पाए, मगर उन्होंने संसद में उपस्थित होने की सूचना पार्टी को भेजी है। गुजरात से निलंबित सांसद सोमाभाई पटेल का यूपीए के पक्ष में जाना लगभग तय माना जा रहा है।
सांसदों को संबोधित करते हुए लालकृष्ण आडवाणी ने साफ किया कि विपक्ष परमाणु करार पर केंद्रित न रहकर यूपीए सरकार की चार साल की नाकामियों को निशाना बनाएगा।
शिवसेना ने जारी किया व्हिप
मुंबई : भाजपानीत एनडीए के एक बड़े घटक ने रविवार को व्हिप जारी कर अपने सांसदों से कहा है कि वे लोकसभा में हाजिर रहें तथा कांग्रेस नीत यूपीए सरकार के विश्वास मत के खिलाफ 22 जुलाई को वोट डालें। शिवसेना के प्रवक्ता और सांसद संजय राउत के मुताबिक, नई दिल्ली में हुई बैठक में पार्टी के 12 सांसदों में से 11 मौजूद रहे।