News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. सावन लगते ही भोले के भक्तों का जत्था भी कांवर लेकर बाबा धाम की ओर निकलने लगा है। शहर में जगह-जगह बाबाधाम के लिए बाजार सज गया है।
सावन की झड़ी लगते ही भगवा रंग के कपड़े पहने और हाथ में कांवर लेकर चल रहे कांवरियों का जत्था दिखने लगा है। इसके साथ ही भगवा रंग के कपड़े, तांबे के लोटे, कांवर, रुद्राक्ष और भगवा रंग के झोले भी बाजार में बिकने लगे हैं।
शहर में हटरी चौक, गोलबाजार, शनिचरी बाजार, बस स्टैंड समेत बुधवारी बाजार में शिव भक्तों के लिए पूजा की सामग्री मिल रही है। बिलासपुर से हजार भर लोग देवघर स्थित बैजनाथ धाम में शिवजी को जल चढ़ाने जाते हैं। इसके अलावा अंचल के बूढ़ा महादेव रतनपुर, लक्ष्मणोश्वर महादेव खरौद, करिया महादेव भरनी, कलेश्वरनाथ महादेव पीथमपुर, कोटेश्वर महादेव कोटा, पातालेश्वर महादेव मल्हार, शिव मंदिर परसाही, बेलपान, सोनकुंड, पारदेश्वर शिव बेलगहना, चांटीडीह सहित पुरातन शिवालयों में भी कांवरियों का दल जल चढ़ाने पहुंचता है। यहां से जाने के पहले वे आवश्यक खरीदारी भी करते हैं।
हटरी चौक स्थित गुप्ता क्लाथ स्टोर के संचालक देवीप्रसाद गुप्ता ने बताया कि बोल बम ड्रेस के लिए युवा वर्ग को शिवजी और शिवलिंग का लोगो बना टी-शर्ट और हॉफ पेंट पसंद है। बड़े-बुजुर्ग कांवरिए लुंगी और कुर्ता पहनना पसंद करते हैं। टी-शर्ट व बरमुडा 40 रुपए से मिलता है, वहीं लुंगी 70 रुपए और गमछा 35 से 50 रुपए में बिक रहा है।
इसके अलावा भी ज्यादा महंगे में 100-200 रुपए तक भी मिल रहे हैं। श्री गुप्ता के मुताबिक सावन में बोल बम ड्रेस का हजारों रुपए का कारोबार शहर में हो जाता है। पूनम गिफ्ट कार्नर के संचालक मोती गंगवानी ने बताया कि आजकल शिवभक्त आर्टिफिशियल चीजें भी पसंद करते हैं। इसमें हरे राम-हरे कृष्ण पिंट्रेड गमछा, रुद्राक्ष, ब्रेसलेट आदि प्रमुख हैं। बाजार में यह सामान भी उपलब्ध है।
कांवरियों के लिए रेडीमेड सामान
बैजनाथ धाम जाने वाले कांवरियों को सुल्तानगंज में कांवर, कपड़े से लेकर अन्य सामान रेडीमेड उपलब्ध हो जाता है, इसलिए अधिकांश श्रद्धालु सुल्तानगंज में ही सामान ले लेते हैं। कुछ लोग शौक से स्थानीय कारीगरों से ही कांवर बनवाते हैं तो कुछ लोग बीते साल लाई गई कांवर का ही उपयोग करते हैं।
ट्रेनों में लंबी वेटिंग
बाबा धाम जाने वालों को ट्रेनों में लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। रांची के देवघर स्थित बाबा धाम जाने वाले शिवभक्त ट्रेन से जाते हैं। श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने के कारण अब ट्रेनों में भी काफी भीड़भाड़ रहती है। दुर्ग-दानापुर दक्षिण बिहार एक्सप्रेस, बिलासपुर-टाटा, मुंबई-हावड़ा मेल समेत अन्य गाड़ियों में वेटिंग की स्थिति बढ़ने लगी है।