HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

न डिमार्केशन न एप्रोच रोड

जयपुर. आम आदमी के मकान का सपना पूरा करने के लिए जेडीए की ओर से जोर-शोर से लांच की गई रजत विहार आवासीय योजना और अंबेडकर आवासीय योजना लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।

दोनों आवासीय योजनाओं की लॉटरी खुले छह महीने बीत चुके हैं लेकिन आज तक एक भी व्यक्ति को भूखंड का कब्जा नहीं मिल सका है। हालांकि रजत विहार योजना के सफल आवेदकों को जेडीए ने डिमांड नोट जारी कर दिए हैं लेकिन अंबेडकर योजना में तो अभी तक डिमांड नोट भी जारी नहीं हो सके हैं।

सीकर रोड पर राजावास गांव के पास जेडीए ने रजत विहार योजना और आगरा रोड पर कानोता के आगे अंबेडकर नगर आवासीय योजना लांच की थी। रजत विहार योजना की लॉटरी 25 दिसंबर 07 और अंबेडकर नगर की लॉटरी 9 जनवरी 08 को निकाली गई। लॉटरी निकालते समय जेडीए ने छह माह में कब्जा देने की घोषणा की थी लेकिन कब्जा देने की बात तो दूर अभी तक योजना स्थल पर डिमार्केशन ही नहीं हुआ है।

भूखंडों का अता-पता नहीं
दोनों ही योजनाओं के लिए प्रस्तावित जमीन पर अभी तक जेडीए ने डिमार्केशन नहीं किया है। इसके चलते कौनसा भूखंड कहां है, इसका पता ही नहीं चलता। योजना स्थल तक पहुंचने के लिए कोई एप्रोच रोड भी नहीं है। जिन लोगों को भूखंडों का आवंटन होना है, मौके पर जाने पर उनको पता ही नहीं चलता कि उनके नाम भूखंड कहां है।

रजत विहार आवासीय योजना के डिमार्केशन के संबंध में जोनल अभियंता आरपी रैगर का कहना है कि योजना स्थल पर कई स्थानों पर अतिक्रमण है। सड़कें बनना बाकी है, फिलहाल ए और सी ब्लॉक का डिमार्केशन का काम चल रहा है, बाकी काम भी जल्दी ही पूरा कर लिया जाएगा।

दूसरी ओर अंबेडकर नगर योजना के हाल तो इससे भी बदतर हैं। योजना स्थल पर ऊंचे-ऊंचे टीले हैं, जिन्हें समतल करने के लिए अभी तो जेडीए सर्वे करवा रहा है, इंजीनियरों के सामने संकट यह है कि मिट्टी को कहां ले जाकर डिस्पोजल करे। और तो और इस योजना तक पहुंचने के लिए कोई एप्रोच रोड तक नहीं है। जेडीए के जोनल इंजीनियर वेदप्रकाश वर्मा का कहना है कि योजना स्थल से पहले लोगों की निजी जमीनें हैं, सड़क के लिए जमीन उपलब्ध कराने के लिए जोन उपायुक्त को पत्र लिखा गया है।

आब्जेक्शन में अटके कई आवेदक
जेडीए अफसरों के अनुसार रजत विहार और अंबेडकर आवासीय योजना में लगभग दो सौ आवेदकों का आवंटन आपत्तियों के कारण अटक सकता है। कई लोगों ने अपना मूल निवास प्रमाण पत्र तो कई ने आय प्रमाण पत्र नहीं दिया। कुछ ने अपना आय वर्ग ही आवेदन में गलत भर दिया। इन लोगों को पत्र लिखकर दस्तावेज देने के लिए कहा जा रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: