bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

थर्डग्रेड टीचर बनाएंगे स्कूलों की रिपोर्ट

बीकानेर. मुख्यमंत्री शिक्षा संबल महा अभियान में स्कूलों के निरीक्षण के लिए तृतीय श्रेणी शिक्षकों व लोक जुंबिश कार्मिकों की ड्यूटियां ब्लॉक स्तर पर लगाने का मामला सामने आया है।

जिला कलेक्टर ने सर्व शिक्षा अभियान के तहत प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री शिक्षा संबल महा अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उपखंड अधिकारी ने ब्लॉक में तहसीलदार से लेकर बीईईओ तक को निरीक्षण के लिए ग्राम पंचायतों का आबंटन किया है।

ब्लॉक के हिसाब से प्रत्येक अधिकारी को दो-तीन ग्राम पंचायतें दी गई हैं। इनमें प्रत्येक अधिकारी को 30 से 40 स्कूलों के निरीक्षण का जिम्मा सौंपा गया है। पता चला है कि अधिकारियों के अलावा कुछ ब्लॉक में तृतीय श्रेणी शिक्षकों और लोक जुंबिश कार्मिकों की भी ड्यूटियां लगा दी गई हैं, जबकि उन्हें निरीक्षण का अधिकार ही नहीं है।

उच्च प्राथमिक शाला में प्रधानाध्यापक का पद द्वितीय श्रेणी शिक्षक का होता है, जिसे कई सालों को अनुभव होता है। ऐसे स्कूलों के निरीक्षण के लिए कम अनुभवी और अयोग्य लोगों को लगाने से अभियान को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। नोडल अधिकारी विभाग की इस व्यवस्था से परेशान हैं।

जानकारी के अनुसार कोलायत ब्लॉक में कुल 20 लोगों को स्कूलों के निरीक्षण का जिम्मा सौंपा गया है, जिनमें एक लोक जुंबिश कार्मिक, दूसरा तृतीय श्रेणी व तीसरा द्वितीय श्रेणी शिक्षक है, जबकि अन्य राजपत्रित अधिकारी हैं। इस प्रकार के लोग जब निरीक्षण करेंगे तो रिपोर्ट का अंदाजा भी सहज ही लगाया जा सकता है। अन्य ब्लॉक में भी इसी प्रकार चहेते शिक्षकों को निरीक्षण में लगाने की जानकारी मिली है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: