बाड़मेर/जोधपुर. जोधपुर संभाग में रविवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 12 लोगों की मृत्यु हो गई। बाड़मेर-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग 15 पर रविवार दोपहर लखा गांव से पुरोहित जाति के लोग जीप से बांदरा गांव लौट रहे थे। तभी हरसाणी फांटा के पास जीप सामने से आ रही बस से भिड़ गई। इससे जीप में सवार बांदरा के जीवणसिंह (60), दरिया (30) पत्नी देवीसिंह, धाउ (28) पत्नी नारायणसिंह और साकूदेवी (65) पत्नी अचलसिंह तथा आटी के नारायणसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को बाड़मेर अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां बांदरा के ही देवीसिंह राजपुरोहित (38) तथा सुशीया (35) पत्नी लालसिंह की मौत हो गई। गंभीर घायल चार अन्य को जोधपुर रैफर किया गया। इनमें से आटी के पुरखसिंह राजपुरोहित (47) और लंगेरा के उम्मेदसिंह राजपुरोहित (33) ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं रेखा पत्नी मंगलसिंह राजपुरोहित निवासी आटी और बांदरा के ही हाकमसिंह (8) को जोधपुर भेज दिया गया। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं।
हादसे के शिकार लोग जैसलमेर के लखा गांव में रिश्तेदार के यहां हुई मौत पर शोक जताकर घर लौट रहे थे। घायलों और मृतकों को बाड़मेर के अस्पताल लाने पर कलेक्टर रवि जैन और एसपी बिपिन कुमार पाण्डेय भी अस्पताल पहुंचे। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में बांदरा, आटी, लंगेरा गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। कलेक्टर रवि जैन ने मृतकों के आश्रितों को दस-दस हजार रुपए तथा गंभीर घायलों को पांच-पांच हजार व सामान्य घायलों को दो-दो हजार रुपए देने की घोषणा की।
दूसरी घटना जोधपुर के लोहावट थाना क्षेत्र में ढेलाणा गांव के पास हुई। इसमें इनोवा-फोर्ड आइकॉन की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। तीनों मृतक बिना नंबर की फोर्ड आइकॉन गाड़ी में सवार थे। भिड़ंत से फोर्ड के परखच्चे उड़ गए। फोर्ड के चालक विजयगोपाल (40) निवासी शक्तिनगर गली नं. चार महामंदिर, धनराज लोहिया (50) निवासी लोहावट और राजेंद्र कुमारसिंह (35) निवासी कमला नेहरू नगर की मौके पर ही मौत हो गई। सिंह एसबीआई की ऋण शाखा जोधपुर में प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।
इनोवा में मदनचंद जैन (58) निवासी चेन्नई, त्रिचनापल्ली (56) पत्नी पारसमल, मनीषा (21) पुत्री पारसमल, भगवती (56) पत्नी मदनचंद व जोधपुर निवासी चालक राजू घायल हो गए। उन्हें जोधपुर अस्पताल रैफर कर दिया गया। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। लोहावट पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर शव मोर्चरी में रखवा दिए।