bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

सजेंगे शिवालय, होंगे अनुष्ठान

जोधपुर. bhloe सांस्कृतिक शहर सूर्यनगरी में सावन के पहले सोमवार का उल्लास देखते ही बन रहा है। शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक, दुग्धाभिषेक, फलरस अभिषेक, पंचामृत अभिषेक की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को अलसुबह से ही मंदिरों में टंकोर, ढोल नगाड़े, भजन, कीर्तन, आरती का दौर शुरू हो जाएगा। हरियाली का पर्याय माने जाने वाले सावन के माह में सोमवार के दिन विशेष अनुष्ठान होंगे।

इंद्र को प्रसन्न करने के लिए शिव भक्त यज्ञ-हवन में आहुतियां देंगे वहीं सहस्रघट के माध्यम से भोलेनाथ को प्रसन्न करने का जतन होगा।शहर के प्राचीन शिवालय अचलनाथ, पातालेश्वर, मंडलनाथ एवं सिद्धनाथ सहित अनेक मंदिरों में अलसुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं का मेला भरा रहेगा। सावन के पहले सोमवार का आनंद शहर में छाया हुआ है। युवा, प्रौढ़ और बुजुर्गे में कैलाशपति के प्रति विशेष श्रद्धा है। जटाधारी, डमरूधारी एवं त्रिशूलधारी की लीलाओं को बखान करने वाली कथाओं की तैयारियां हो चुकी हैं। शिवालयों को फूलमंडली और रंगीन रोशनी से सजाया जाएगा। शिव भक्तों ने मंदिरों को फरियों से सजाया हैं।

महादेव को मनुहार
शिव भक्त अपने देव को मनाने के लिए उनको तरह-तरह की मनुहार करते हैं। सोमवार को यह सिलसिला दिन भर चलता रहेगा। महादेव को आक, धतूरा, भांग, बिल्व पत्र, फूल, माला, फल, पंचामृत, भस्म और विभिन्न वस्तुएं चढ़ाई जाएंगी।

माया महादेव की
महादेव की माया भी न्यारी है। उनके नाम से शहर में जो मंदिर बने हुए हैं, उनके नाम भी अनूठे हैं। ये नाम भक्तों ने अपनी सुविधानुसार रखे हैं। श्रमिक, दूरसंचार कर्मचारी, विद्युत विभाग एवं ओटे पर स्थापित और नींब के पेड़ के नीचे स्थापित होने की वजह से महादेव मंदिर के नाम भी उसके अनुरूप हैं। श्रमिकेश्वर व दूरसंचार महादेव मंदिर इसके उदाहरण हैं।

कहां क्या होंगे कार्यक्रम

मंदिर का नाम ----------- कार्यक्रम
सिद्धनाथ महादेव ---- रुद्राभिषेक, सहस्त्रघट, फूलमंडली।
अचलनाथ महादेव ---- फूलमंडली, अभिषेक, भजन संध्या।
श्रमिकेश्वर महादेव ---- फूलमंडली, अभिषेक, आरती, प्रसादी।
दूरसंचारेश्वर महादेव ---- दुग्धाभिषेक, भजन, आरती।
विद्युतेश्वर महादेव ---- भजन-कीर्तन, फूलमंडली, अभिषेक।
दूधेश्वर महादेव ---- दुग्धाभिषेक, भोग, आरती व श्रृंगार।
निंबेश्वर महादेव ---- नींब की नींबोली से पूजा, श्रृगार।
उपकेश्वर महादेव ---- श्रृगार, हवन, पूजन, भजन-कीर्तन।
मंडलनाथ महादेव ---- भजन, रोशनी, फूलमंडली व अभिषेक।
पब्लिक पार्क महादेव ---- विशेष अनुष्ठान, भजन, अभिषेक।
पातालेश्वर महादेव ---- अभिषेक, श्रृंगार, महाआरती।

सावन में बिखरी सतरंगी छटा

श्री माहेश्वरी विकास संस्थान के तत्वावधान में रविवार को महेश शिक्षण संस्थान स्कूल में सावन मेला एवं राज्य स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 160 युवक-युवतियों ने डांस की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

कार्यक्रम का आगाज नागौर की वर्षा ने पिया आओ तो सही.. पर धमाकेदार परफार्मेस से किया। चित्तौड़गढ़ की नेहा गग्गड, गजगामिनी और लेखा ने आंखें सीधी बड़ी.. गाने पर ग्रुप डांस से जजेज का ध्यान अपनी ओर खींचने की कोशिश की। ब्यावर से किरण सोपानी ने हाई-फाई साउंड पर रंगीलो म्हारो ढोलना.. पर नृत्य कर खूब तालियां बटोरी। जोधपुर के राधा-कृष्ण ग्रुप ने सामूहिक रूप से वो कृष्णा है.. गाने पर थिरक कर शाम को यादगार बना दिया।

समारोह के दौरान 22 ग्रुप के 160 प्रतिभागियों ने अपनी दमदार परफार्मेस से हर किसी का मन जीत लिया। इस अवसर पर अखिल भारतीय माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष अशोक इनानी, कांग्रेस नेता बद्रीराम जाखड़, पूर्व विधायक जुगल काबरा, दामोदर बंग, राजकुमार काल्या, दिलीप जाजू के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरूष भी उपस्थित थे। सावन मेला समारोह के तहत खाने-पीने की स्टालें सजाई गईं। जिसमें चाट-पकौड़ी, दही कड़ी, रवा डोसा, आइसक्रीम, पान के साथ कई अन्य आइटमों की स्टाल लगाई गईं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: