HomeNewsRajasthanKota Kota

हत्या के आरोपी देवली में गिरफ्तार

कोटा/केशवरायपाटन/भीलवाड़ा. कोटा के नयाखेड़ा गांव में शनिवार को एक बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या कर भागे 2 आरोपियों को रविवार शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 3 जिलों की पुलिस ने देवली कस्बे को सील करने के बाद आरोपियों को पकड़ा।

उधर, केशवरायपाटन में हत्या के विरोध में रविवार को भी बाजार बंद रहे। बंद के दौरान युवकों ने पुलिस पर पथराव किया। उन्हें खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। कस्बे में एक सप्ताह के लिए धारा 144 लगाई गई है।

देवली वृत्ताधिकारी राजेन्द्र वर्मा ने भास्कर को बताया कि हमलावरों के मोबाइल की लोकेशन रविवार सुबह जहाजपुर क्षेत्र में थी।

इस आधार पर जहाजपुर, पंडेर, शक्करगढ़ व हनुमाननगर थानों की पुलिस ने प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद उनकी लोकेशन देवली में होने का पता चला। भीलवाड़ा, देवली व कोटा से आए सीआई दिनेश मीणा, मोटाराम व राकेश पाल ने पुलिस जाब्ते के साथ देवली को सील कर दिया।

देवली से निकलने वाले हर रास्ते पर नाकाबंदी की गई। सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों ने देवली कस्बे के मकानों की तलाशी लेने लगे। वर्मा ने बताया कि शाम करीब पांच बजे बाइक पर सवार तीनों हमलावर कस्बे से निकलने का प्रयास कर रहे थे, तभी उन्हें हिरासत में ले लिया। कोटा पुलिस तीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोटा ले आई।

कोटा एसपी विशाल बंसल ने बताया कि इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर टीम गठित की गई थी और पांच थानाधिकारियों को भी लगाया गया था।

उल्लेखनीय है कि बूंदी जिले के केशवराय पाटन निवासी बजरंगदल कार्यकर्ता दारासिंह गुर्जर को शनिवार को कोटा जिले के डाबी-बुधपुरा खान पर जाते समय कुन्हाड़ी इलाके में हमलावरों ने पीछे से गोली मार दी थी। इसके बाद हमलावरों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार भी किए थे, जिससे गुर्जर की मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग छूटे थे।

यूं की तलाश
पुलिस को जानकारी मिली थी कि दारासिंह की हत्या करने वाले आरोपियों में से एक बीच में मांग निकालता है। दूसरे के पैर में चोट लगी हुई है, जबकि तीसरे के बाल लाल हैं। पुलिस ने आरोपियों को इसी हुलियेके आधार पर तलाश किया।

तनाव की भेंट चढ़ा निकाह
केशवरायपाटन कस्बे की गरीब नवाज कॉलोनी में रहने वाले यासीन बाबा की पुत्री तनवीर का निकाह तनाव की भेंट चढ़ गया। उसका रविवार को निकाह होना था। बारात कोटा से आनी थी, लेकिन शनिवार से हत्याकांड के कारण तनाव के हालात को देखते हुए गणमान्य नागरिकों की बातचीत के बाद यासीन बाबा को बेटी के निकाह को रोक कर तिथि बदलनी पड़ी। परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर असहयोग का आरोप लगाया है।

लूट के इरादे से की थी हत्या
कोटा के एसपी विशाल बंसल ने बताया कि तीनों आरोपियों अजीमुद्दीन, शकील व पल्लू ने लूट के इरादे से दारासिंह की हत्या की थी। उन्होंने सुनसान स्थान पर दारासिंह को अकेला देखकर रोका। जैसे ही दारासिंह रुका, उन्होंने उससे रुपए मांगे लेकिन, उसने रुपए देने की बजाय उनसे संघर्ष किया और पल्लू को दबोच लिया। दोनों ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया लेकिन, दारासिंह की पकड़ काफी मजबूत थी। इस पर उन्होंने रिवॉल्वर निकालकर उसे गोली मार दी। फिर भी दारासिंह ने उसे नहीं छोड़ा तो चाकू से कई ताबड़तोड़ वार किए थे। जाते समय उसका मोबाइल व पर्स ले गए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: