HomeNewsRajasthanKota Kota

जागेगी शक्ति, सजेंगे शिव दरबार

कोटा. shivsankar श्रावण मास के पहले सोमवार पर शहर के शिवालयों में कई धार्मिक आयोजन होंगे। भक्तजन अपने आराध्य भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए मंदिरों में पूजा अर्चना को पहुंचेंगे। कहीं बिल्व पत्रों से तो कहीं दूध तथा फलों से भोलेनाथ का अभिषेक होगा। मंगला आरती के बाद से ही मंदिरों में पूजा अर्चना आरंभ होगी जो शाम तक चलेगी।

525 शिवलिंगों का अभिषेक : थेकड़ा स्थित शिवपुरी धाम में सावन के पहले सोमवार के अवसर पर 525 शिवलिंगों का अभिषेक होगा। सुबह से ही यहां आयोजन शुरू होंगे। धाम के संचालक बाबा सनातन पुरी महाराज ने बताया कि सोमवार को यहां शिवजी का अभिषेक व विशेष श्रंगार किया जाएगा। इस अवसर पर शिव पुराण कथा शुरू होगी। जिसमें पं. मधुर मधुसूदन शास्त्री कथा वाचन करेंगे।

भांग में भोले के दर्शन : रेतवाली स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर के पुजारी शिव शर्मा ने बताया कि सुबह से ही यहां पूजा- अर्चना शुरू होगी। भांग से बनाए भोले नाथ के दर्शन सायं साढ़े पांच बजे से होंगे।

महारुद्राभिषेक होगा : रामधाम आश्रम में स्वामी अवधेशानंदाचार्य के सानिध्य में शंकर भगवान का महारुद्राभिषेक किया जाएगा। सायं चार बजे आश्रम के बटुकों द्वारा पहली बार रुद्राभिषेक किया जाएगा। सायंकाल विशेष श्रंगार के दर्शन व महाआरती होगी।

नए वस्त्र धारण करेंगे महादेव : टीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सोमवार को भगवान शंकर का विशेष श्रंगार किया जाएगा। समिति के सचिव पवन अग्रवाल ने बताया कि सावन में प्रतिदिन महादेव का रुद्राभिषेक किया जा रहा है। सोमवार को इसे वृहद रूप दिया जाएगा। दिन में महिलाएं कीर्तन तथा शाम को भजन संध्या होगी।

बम भोले का रजत श्रृंगार : तलवंडी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में शंकर भगवान का चंदन मिश्रित रजत श्रंगार किया जाएगा। समिति के प्रचारक रवि अग्रवाल के मुताबिक फूलों की रंगोलियां भी सजाई जाएगी। श्रंगार के दर्शन साढ़े पांच बजे से होंगे।

बिल्व पत्र चढ़ाए जाएंगे : कंसुआ स्थित कण्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर पर भी सुबह से ही धार्मिक आयोजन होंगे। यहां मंगला आरती के बाद बिल्व पत्र चढ़ाने का क्रम आरंभ होगा। महादेव की पूजा- अर्चना करने के बाद अभिषेक भी होगा।

यहां होंगे आयोजन : रामतलाई स्थित जगत माता मंदिर मंगला आरती के बाद शिवजी का अभिषेक होगा। गुमानपुरा स्थित शीतला माता मंदिर में जलाभिषेक होगा। मौजी बाबा आश्रम में रामानंद सरस्वती के सानिध्य में पूजा अर्चना होगी। पाटनपोल स्थित बड़े महाप्रभू मंदिर में ठाकुर जी को फूल पत्तियों के हिंडोले में झुलाया जाएगा। रामपुरा छोटी समाध, छावनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर, बोरखेड़ा स्थित गायत्री आश्रम सहित अन्य मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे।

उद्यानों में होगी चहल-पहल : सोमवार को शहर के सभी उद्यानों में विशेष चहल-पहल रहेगी। लोग परिवार सहित यहां आकर व्रत खोलेंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: