News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati सीकर. खेतड़ी में लीज आवंटन को लेकर विधायक रणवीरसिंह गुढ़ा व डीएसपी छत्रसालसिंह के बीच चल रहे विवाद में रविवार को नया मोड़ आ गया। डीएसपी के बेटे रघुवीरसिंह ने भास्कर को सौंपे दस्तावेजों में कहा है कि एक फरवरी 2007 को खेतड़ी में जो छह लीजे आवंटित हुई थी, उनमें एक भी लीज न तो उनके नाम है और न ही किसी रिश्तेदार के नाम है।
विधायक के आरोपों से बौखलाए रघुवीरसिंह ने गुढ़ा पर जवाबी हमला बोलते हुए दस्तावेजों के हवाले से कहा है दरअसल आवंटित छह लीजों पर विधायक की बुरी नजर है। इसीलिए 21-4-08 को इन छह लीजों के पास ही रणवीरसिंह के छोटे भाई संजयसिंह, अजयसिंह ने जमीनें खरीदी और लीजों पर अतिक्रमण करने की कोशिश भी की है।
बकौल रघुवीरसिंह खनन क्षेत्र में मंदिर, श्मशान घाट, बांध जैसी कोई बात नहीं है और विधायक पूरी तरह झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने गुढ़ा से सवाल किया है कि यदि इस क्षेत्र में मंदिर जैसी पवित्र जगह और श्मशान है तो विधायक के भाईयों ने इसी क्षेत्र में लीज के लिए 17-3-08 को आवेदन क्यों किया? रघुवीरसिंह के मुताबिक विधायक की शिकायत पर मुंसिफ मजिस्ट्रेट खेतड़ी ने मौका कमिश्नर नियुक्त कर इस क्षेत्र की जांच की तथा अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि खनन क्षेत्र में पुराना मंदिर व श्मशान भूमि नहीं है।
ब्यूरोक्रेट वर्सेज डेमोक्रेट
मानहानि का मुकदमा करुंगा : डीएसपी
भीलवाड़ा, धौलपुर, चूरू व नागौर में भी कारोबार
अपने पुत्र के बचाव व खुद पर लगे आरोपों का जवाब देने के लिए खुलकर आगे आए डीएसपी छत्रसालसिंह ने भास्कर से कहा है कि विधायक ने खनन से जुड़ी जो जानकारियां विधानसभा में पेश की हैं वे सभी झूठी हैं। सदन के पवित्र पटल का विधायक गुढ़ा ने दुरुपयोग किया है। बकौल डीएसपी राठौड़ विधानसभा अध्यक्ष सुमित्रासिंह को पत्र लिखकर सारी जानकारी देंगे व विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।
विधायक को कठघरे में खड़ा करते हुए डीएसपी कहते हैं कि उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है और इसके खिलाफ वे विधायक पर मानहानि का मुकदमा करेंगे। डीएसपी का कहना है कि उनके रिश्तेदारों का झुंझुनूं ही नहीं, बल्कि भीलवाड़ा, धौलपुर, चूरू व नागौर में भी कारोबार है, जहां वे कभी पोस्टेड नहीं रहे हैं।
मुकदमा करके तो दिखाएं : गुढ़ा
झुंझुनूं में ही क्यों करते हैं रिश्तेदार कारोबार
डीएसपी के आरोपों को खारिज करते हुए गुढ़ा ने भास्कर से कहा कि डीएसपी राठौड़ झूठ बोल रहे हैं। यदि वे सही हैं तो मानहानि का मुकदमा दर्ज कराकर दिखाएं। डीएसपी पर पद के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए गुढ़ा ने रविवार को फिर कहा कि खेतड़ी क्षेत्र में रघुवीरसिंह व उनके रिश्तेदारों की ही खान हैं। झुंझुनूं में डीएसपी रहते हुए अपने अपने पुत्र व रिश्तेदारों को फायदा दिलाया है।
बकौल गुढ़ा, डीएसपी यह कहते हैं कि उनके रिश्तेदार क्या बिजनेस नहीं करेंगे? तो झुंझुनूं व सीकर में ही कारोबार क्यों करते हैं? इसकी वजह यह है कि राठौड़ झुंझुनूं में डीएसपी रहे हैं और फिलहाल सीकर में हैं, जिससे प्रभाव का इस्तेमाल कर रहे हैं। विधायक का कहना है कि त्योंदा पंचायत क्षेत्र में डीएसपी के बेटी व दामाद गोचर भूमि में क्रेशर चला रहे हैं व खान विभाग तमाशा देख रहा है। डीएसपी के रिश्तेदारों को नियमविरुद्ध दी गई लीजों की जांच चल रही है और सारी लीज जल्द ही निरस्त होंगी।