bhaskar Web English
HomeNewsInternational International

नेपाल के पहले राष्ट्रपति बने रामबरन यादव

काठमांडू.नेपाल में संविधान सभा के दूसरे चरण के मतदान में नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामबरन यादव को देश का पहला राष्ट्रपति चुना गया है। 594 सदस्यीय संविधान सभा में उन्हें 308 मत प्राप्त हुए। मधेसी नेता यादव ने अपने माओवादी प्रतिद्वंद्वी रामराजा प्रसाद सिंह को 20 वोटों से शिकस्त दी।

दोबारा मतदान :

सुबह 8 बजे से शुरू हुए दूसरे चरण के मतदान में 590 सदस्यों ने ही मतदान किया जबकि चार अनुपस्थित रहे। गत शनिवार को हुए पहले चरण के मतदान में किसी भी उम्मीदवार को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने की वजह से सोमवार को दोबारा मतदान करवाया गया।

सिर्फ दो दिन बाद :

शनिवार के चुनाव में नेपाली कांग्रेस-सीपीएन (यूएमएल) और मधेसी जनाधिकार फोरम के साझा उम्मीदवार यादव को सर्वाधिक 283 और रामराजा को 270 मत मिले थे। जबकि स्पष्ट बहुमत के लिए 298 मतों की आवश्यकता थी। हालांकि मधेसी जनाधिकार फोरम के नेता परमानंद को उप-राष्ट्रपति चुन लिया गया था। दूसरे दौर के मतदान में यादव व सिंह सिर्फ दो ही उम्मीदवार थे।

भारत से रिश्ता :

डॉक्टर से राजनेता बने रामबरन का जन्म 4 फरवरी 1948 को भारतीय सीमा से लगे नेपाल के धनुषा जिले में सिपही गांव के एक मध्यम वर्गीय किसान परिवार में हुआ। रामबरन ने एमबीबीएस कोलकाता से और एमडी की डिग्री पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ से हासिल की। वे धनुषा से 5 बार सांसद रहे हैं। नेपाली कांग्रेस से 1991 में पहली बार सांसद बने।

घटनाक्रम 10 अप्रैल 2008 : संविधान सभा के चुनाव में माओवादी विजयी।

27 मई 2008 : नई संविधान सभा का गठन।

28 मई 2008 : 240 साल पुरानी राजशाही समाप्त, नेपाल गणतंत्र घोषित।

11 जून 2008 : पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र ने नारायणहिती महल छोड़ा।

12 जून 2008 : देश में अगले मुखिया के मुद्दे पर सात माओवादी नेताओं ने सरकार से इस्तीफा दिया।

15 जून 2008 : बड़े दलों में देश के पहले राष्ट्रपति व उप-राष्ट्रपति के साझा उम्मीदवार पर सहमति नहीं बनी। इन पदों के लिए 19 जुलाई को मतदान होना तय।

19 जुलाई 2008 : मतदान में किसी भी उम्मीदवार को जरूरी 298 वोट नहीं मिले। मधेसी जनाधिकार फोरम के नेता परमानंद उप-राष्ट्रपति चुने गए।

21 जुलाई 2008 : नेपाली कांग्रेस के नेता रामबरन यादव राष्ट्रपति चुने गए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: