कोलंबो
श्रीलंका के सनसनीखेज युवा स्पिन गेंदबाज अजंता मेंडिस २३ जुलाई से भारत के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से अपने टेस्ट कैरियर का आगाज करेंगे। मेंडिस को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पहले टेस्ट के लिए आज यहां घोषित १५ सदस्यीय टीम में शामिल किया है।
अंतिम एकादश में भी उनका खेलना पूरी तरह तय ही है। इस तरह वह उसी भारतीय टीम के खिलाफ टेस्ट पदार्पण करेंगे जिसे उन्होंने दो सप्ताह पहले एशिया कप के फाइनल में अकेले दम ध्वस्त कर दिया था। लेकिन तेज गेंदबाज लसित म¨लगा और फरवीज महरूफ को इस टीम में जगह नहीं मिल पायी है। ये दोनों चोट से उबर चुके हैं लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें कुछ दिन और आराम देने का फैसला किया है।
वैसे ये दोनों गेंदबाज चैंपियंस ट्राफी के लिए घोषित संभावित खिलाडियों के पूल में शामिल हैं। चयनकर्ताओं को इस टीम का अंतिम स्थान तय करने के लिए इस समय आउट आफ फार्म चल रहे तेज गेंदबाज दिलहारा फर्नाडो और लेफ्ट आर्म स्पिनर रंगन हेरात के बीच भी कडी जद्दोजहद करनी पड़ी। लेकिन अंत में चयनकर्ताओं ने फर्नाडो के पक्ष में फैसला दिया। हालांकि अंतिम चयन के लिए फर्नाडो को युवा गेंदबाज धमिका प्रसाद से कडा मुकाबला झेलना होगा। धमिका ने भारत के खिलाफ रविवार को समाप्त हुये अभ्यास मैच में तीन विकेट लेने के अलावा 43 रन भी बनाए हैं।