News
International International बीजिंग.चीन के दक्षिण-पश्चिमी युन्नान प्रांत केकुनमिंग शहर में सोमवार को तीन बसों में हुए श्रंखलाबद्ध विस्फोटों में कम से कम तीन लोगों के मरने और 14 अन्य के घायल होने की खबर है। चीन में तीन हफ्ते बाद शुरू होने वाले ओलिंपिक खेलों को देखते हुए कड़ी चौकसी बरती जा रही है।
चीन की ‘जिन्हुआ’ न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पहला विस्फोट स्थानीय समयानुसार सुबह करीब सात बजकर 10 मिनट पर एक बस स्टॉप पर हुआ। इसकेनजदीक ही कुछ देर बाद दूसरा विस्फोट हुआ। तीसरा विस्फोट मिनशान के पास हुआ। हालांकि युन्नान प्रांत के सरकारी अधिकारियों ने धमाकों की संख्या दो बताई है।
आतंकी हमले का खतरा :
इस बीच, चीन ने अगस्त में होने वाले बीजिंग ओलिंपिक खेलों में आतंकी हमले को ‘असल’ खतरा बताया है। ओलिंपिक सिक्योरिटी कमांड के निदेशक मा झेंचुंग ने बताया कि खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, ओलिंपिक खेलों के दौरान पूर्वी तुर्किस्तान इस्लामिक मूवमेंट(ईटीआईएम) के सदस्य आयोजन स्थलों को निशाना बनाने की योजना बना रहे हैं। ईटीआईएम के अलावा भी कुछ पृथकतावादी संगठनों के चीन में सक्रिय होने की जानकारी मिली है।