Business
Dalal Street Dalal Street मुंबई. संसद में भले ही संख्याएं साफ नहीं हों, शेयर बाजार और मुद्रा के कारोबारी महसूस कर रहे हैं कि यूपीए सरकार विश्वास मत हासिल कर लेगी। सोमवार को सेंसेक्स में 215 अंक का सुधार हुआ, वहीं रुपया भी मजबूत होकर 42.68/69 रुपए प्रति डॉलर पर पहुंच गया। संसद में सोमवार को सरकार के विश्वास मत पर जारी बहस के दौरान बाजार में अस्थिरता थी। मंगलवार को मतदान से ही कोई साफ दिशा दिखाई देगी। निवेशक कोई स्पष्ट रुख अपनाने से बच रहे थे। कारोबार के दौरान 300 अंक के बीच डोलने वाला बीएसई सेंसेक्स शाम को 1.6 फीसदी या 215 अंक की उछाल के साथ लगातार तीसरे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी में भी ६७ अंक की तेजी रही और यह 4,092 के स्तर पर बंद हुआ।
यूपीए के गणित से रुपया मजबूत
सरकार बचने की उम्मीदें बढ़ने के कारण रुपया सोमवार को मजबूत होकर उभरा। यूपीए विश्वासमत हासिल करने में सफल हो जाता है तो अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के लंबी अवधि की राजनीतिक अस्थिरता की चिंताएं समाप्त हो जाएंगी। रुपया दिन के अंत में 42.68/69 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ। एक निजी बैंक के प्रमुख ने कहा कि रुपए में दिखने वाले रुख का संबंध धारणा से ज्यादा था।