Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
अमिताभ बच्चन इन दिनों अभिषेक, ऐश्वर्या और बॉलीवुड के कुछ अन्य बड़े सितारों के साथ विभिन्न देशों में अपने ‘अनफॉग्रेटेबल टूर’ के तहत स्टेज शो करने में व्यस्त हैं। इसी टूर को लेकर अपने ब्लॉग पर अमिताभ ने लिखा है कि बॉलीवुड के कुछ लोग मीडिया की मदद से उनके इस टूर को फ्लॉप बताने की कोशिश कर रहे हैं। बच्चन परिवार के इस टूर के अब तक कुछ शो ही हुए है, लेकिन अभी से ही मीडिया के एक वर्ग में इस शो को फ्लॉप बताया जाने लगा है। इसे लेकर अमिताभ ने नाराजगी जताई है।
गौरतलब है कि अमिताभ अपने परिवार के अलावा रितेश देशमुख और प्रीति जिंटा के साथ अमेरिका, कनाडा, लंदन और वेस्टइंडीज में शो करने गए हैं। अमिताभ ने ब्लॉग पर अपने दिल का दर्द बयान करते हुए लिखा है, ‘बॉलीवुड के कुछ लोगों ने मीडिया के एक खास वर्ग के साथ मिलकर हमारे टूर को फ्लॉप करने की कोशिशें शुरू कर दी हैं।
यह बहुत ही शर्मनाक है। हालांकि मैंने पहले उन्हें नजरअंदाज किया, लेकिन अब मैं इस पर बात करना चाहता हूं क्योंकि अब पानी नाक से ऊपर चढ़ गया है।’ इंडस्ट्री के एक सूत्र का कहना है कि अमिताभ का इशारा शाहरुख की तरफ है क्योंकि शाहरुख का स्टेज शो भी इसी दौरान होना है और वह नहीं चाहते कि अमिताभ के शो को अच्छा प्रतिसाद मिले।