|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood परदे के पीछे.
अक्षय कुमार अमेरिका में साजिद नाडियाडवाला की फिल्म ‘कम्बख्त इश्क’ की शूटिंग यूनिवर्सल स्टूडियोज में कर रहे हैं। करीना कपूर नायिका हैं और कुछ प्रमुख अमेरिकी कलाकार भी काम कर रहे हैं। अक्षय कुमार ने बयान दिया है कि उनकी फिजिकल ट्रेनर के साथ उनके रोमांस की अफवाह भारत में उड़ाई जा रही है जबकि उनकी अपनी पत्नी अमेरिका में उनके साथ हैं।
उनका कहना है कि जब भी उनकी कोई बड़ी फिल्म प्रदर्शित होने वाली होती है उनके बारे में अफवाहें फैलाई जाती हैं। इस हरकत के पीछे जो लोग हैं उन्हें मैं जानता हूं और सावधान करता हूं कि मेरी व्यक्तिगत जिंदगी को लेकर कीचड़ ना उछालें। अक्षय ने अपने खिलाफ षड्यंत्र रचने वाले का नाम नहीं लिया परंतु उनका इशारा साफ है। उन्होंने यह भी कहा कि अब इस उद्योग में ‘डॉग ईट्स डॉग’ की गंदी स्थिति बन गई है। पुराने जमाने का भाई-चारा जाने कहां चला गया है।
ज्ञातव्य है कि लंबे समय तक तीन खान सुपर सितारे रहे हैं और आज भी हैं परंतु रितिक रोशन और अक्षय कुमार ने अपना स्थान बना लिया है। पिछले वर्ष अक्षय कुमार की लगातार चार फिल्में सफल रहीं। जब अक्षय कुमार ने प्रवेश किया था तब उन्हें अभिनय आता ही नहीं था परंतु विगत पांच वर्षो में उन्होंने कमाल किया है। एक अभिनेता के रूप में निखार आने के साथ उनकी सितारा हैसियत बढ़ती गई है और चतुर पूंजी निवेशक के रूप में भी उन्होंने अपना भव्य साम्राज्य खड़ा कर दिया है। अक्षय ने टेलीविजन पर अधिकतम धन लेकर एक रिएलिटी शो की शूटिंग पूरी कर ली है। आज वह शिखर पर हैं और यह संभव है कि कोई उनसे भयभीत है।
सलमान खान और अक्षय कुमार ने कभी बड़े बैनर और सफल निर्माताओं के साथ काम करने के लिए कोई समझौता नहीं किया और बिना बड़ों की सहायता के अपना मुकाम बनाया है। आज ‘सिंग इज किंग’ अपनी लागत से तीन गुना अधिक धन में बिकी है और ‘चांदनी चौक टू दिल्ली’ के लिए इससे भी बड़े प्रस्ताव हैं परंतु अमेरिकन कंपनी वार्नर ब्रदर्स ने धन लगाया है और मार्केटिंग भी वे ही करेंगे। अक्षय कुमार की लगन और अनुशासन ने उन्हें यहां पहुंचाया है, अत: वह अफवाह फैलाने वाले अखबार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।