अमृतसर
टीवी पर सरकार के विश्वास मत जीतने की खबर दिखी और अंबरसर के लोहारका रोड पर भी दिल्लीके 10 जनपथ का नजारा दिखाई दिया। हो भी क्यों न, यहां, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के भाइयों को भी बधाई देने वालों का देर रात तक तांता लगा रहा।
भाई सुरजीत सिंह कोहली और दलजीत सिंह कोहली ने विशेष बातचीत में कहा कि वाहेगुरु का कैसे धन्यवाद करें, उसने बड़े भाई साहिब की इज्जत बचा ली। आज एक बार फिर गुरु नगरी को गर्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने सच्चे पातशाह का शुक्रिया अदा करके पारिवारिक सदस्यों ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाएं। इसके साथ ही कई बधाई देने वाले पहुंचने शुरू हो गए।
इस बीच उनका मोबाइल भी लगातार बज रहा था। उन्होंने कहा कि जिस मजबूत इरादे के साथ देश के हित में भाई जी ने पद को दांव पर लगाया, उसकी लाज परमात्मा ने भी रखी। अमृतसर और उनके परिवार को पहली बार गर्व उस समय महसूस हुआ, जब मई सन् 2004 में मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने थे।
आज उससे भी बड़ी खुशी हुई, जब उन्होंने ससंद में विश्वास मत हासिल करके अपनी विश्वसनीयता को और पक्का किया। हमारी यही प्रार्थना है कि भारत को समर्पित उनके भाई की आयु ज्यादा से ज्यादा लंबी हो, ताकि वह देश को विश्व में नई पहचान दे सके। इस अवसर पर उनके परिवार के कई सदस्य, आसपास के लोग और बंधाई देने वाले कई शुभचिंतक भी उपस्थित थे।