|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood बॉलीवुड में एक अलग ढंग की जंग शुरू हो चुकी है। कॉपरेरेट फिल्म निर्माण कंपनियां अब एक-दूसरे को कोर्ट में घसीटने लगी हैं। राकेश रोशन की ‘क्रेजी-4’ के कॉपीराइट मामले में राम संपत को मिली अदालती जीत के बाद, अब परसेप्ट पिक्चर कंपनी भी इसी रास्ते पर आगे बढ़ रही है, इसमें कम से कम पहली सफलता तो फिलहाल इसके हाथ लगने की खबर है।
परसेप्ट ने करीब दो साल पहले एक महत्वाकांक्षी फिल्म ‘जॉनी वॉकर’ बनाने की घोषणा की थी, जिसमें अमिताभ बच्चन को मुख्य भूमिका में लिया गया था। इसका निर्देशन सुजीत सरकार करने वाले थे, लेकिन किसी वजह से यह फिल्म अधर में लटक गई। इसी बीच, यूटीवी ने सुजीत के ही निर्देशन में अमिताभ को मुख्य भूमिका में लेकर फिल्म ‘शू बाइट’ शुरू कर दी।
सूत्र बताते हैं कि इसकी कहानी ‘जॉनी वॉकर’ से मिलती-जुलती है। फिल्म को 2009 के शुरुआती महीने में रिलीज करने की योजना थी। सूत्र ने बताया, ‘परसेप्ट ने यूटीवी के खिलाफ कोर्ट में केस दर्ज किया है जिसमें ‘शू बाइट’ की कहानी ‘जॉनी वॉकर’ से मिलती-जुलती होने का आरोप लगाया गया है। दरअसल परसेप्ट के अधिकारी यह जानकर हैरान रह गए कि ‘शू बाइट’ के मुख्य अभिनेता और निर्देशक वही हैं, जो ‘जॉनी वॉकर’ में थे। इससे वे परेशान हो गए और मामले में न्याय पाने के लिए कोर्ट की शरण ली।