Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

सभी जिलों में बनेंगे वोटर कार्ड

रायपुर. राज्य में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज होने के साथ ही चुनाव आयोग ने परिचय पत्र बनाने की प्रक्रिया फिर शुरू कर दी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डा. आलोक शुक्ला ने बताया कि सभी जिलों में मतदान केंद्रों में परिचय पत्र बनवाए जाएंगे। इसके लिए कलेक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं।

पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में परिचय पत्र सिस्टम पूरी तरह से लागू नहीं हो पाया था क्योंकि सभी मतदाताओं तक परिचय पत्र बनकर पहुंचे ही नहीं थे। इसके अलावा उनमें अनेक विसंगतियां थीं। छत्तीसगढ़ में करीब एक करोड़ 50 लाख मतदाता हैं। इनमें से करीब 90 लाख मतदाताओं के पास ही आयोग द्वारा बनाए गए परिचय पत्र हैं। शेष 60 लाख मतदाताओं के परिचय पत्र बनवाने की प्रक्रिया अब तेज की जाएगी।

कलेक्टरों से कहा गया है कि सभी मतदान केंद्रों में फोटोग्राफी कराकर लोगों के परिचय पत्र बनवाए जाएं। इसके लिए आवश्यक व्यवस्था स्थानीय स्तर पर ही करने के लिए कहा गया है। डा. शुक्ला ने स्पष्ट किया कि परिचय पत्र बनाने का काम चुनाव तक चलाया जाएगा।

इसमें रोक नहीं होगी। फिलहाल राज्य में फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इस पर दावा आपत्तियां मंगाई गई हैं। 31 जुलाई तक आपत्तियां लेने के बाद 31 अगस्त को उसका अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसी के अनुरूप परिचय पत्र बनवाए जाएंगे।

चुनाव आयोग ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान परिचय पत्र को लेकर कितनी सख्ती बरती जाएगी। क्योंकि चुनाव तक सारे मतदाताओं के परिचय पत्र बन पाएंगे या नहीं यह भी स्पष्ट नहीं है। इस कारण किसी प्रकार के स्पष्ट निर्देश भी जारी नहीं किए गए हैं।

मरवाही में भी चुनाव
पिछले विधानसभा चुनाव के बाद कानूनी पचड़े में फंसे मरवाही विधानसभा क्षेत्र में भी इस बार चुनाव होगा। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के निर्वाचन को उनके नंदकुमार साय ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, इससे वहां श्री जोगी के इस्तीफे के बाद उपचुनाव नहीं कराया जा सका। इस बार के विधानसभा चुनाव में कानूनी बंदिशें नहीं रहेंगी, क्योंकि श्री साय ने श्री जोगी के निर्वाचन को चुनौती दी थी।

सितंबर से बंदिश
अनुमान है विधानसभा चुनाव के लिए सितंबर के अंतिम सप्ताह में अधिसूचना जारी की जाएगी। अधिसूचना के साथ ही आचार संहिता लागू हो जाएगी। उसके बाद राज्य सरकार किसी प्रकार की योजना लागू नहीं कर पाएगी। माना जा रहा है कि बचे हुए दिनों में रमन सरकार अनेक चुनावी घोषणाएं कर सकती है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: