|
जयपुर. जयपुर विकास प्राधिकरण की बुधवार को हुई भवन मानचित्र समिति (ले-आउट प्लान) की बैठक में शहर के बाहरी क्षेत्रों में रोड नेटवर्क विकसित करने के लिए प्रस्तावित छह नए सेक्टर प्लान के ड्राफ्ट को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। इसके साथ ही दो आवासीय योजनाओं के ले-आउट प्लान भी अनुमोदित किए गए।
जेडीए आयुक्त अशोक जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में नए सेक्टर प्लान 58, 59, 60, 61, 62 व 63 के ड्राफ्ट्स को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। अब इन सेक्टर प्लान को सार्वजनिक रूप से प्रकाशित कर आम जनता से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। नए सेक्टर प्लान में टोंक रोड पर वाटिका क्षेत्र, अजमेर रोड पर भांकरोटा के आगे का क्षेत्र, आगरा रोड पर जामडोली समेत रिंग रोड व मौजूदा सड़क नेटवर्क के बीच का क्षेत्र शामिल है।
1260 भूखंडों के नियमन का रास्ता खुला
बैठक में निजी विकास कर्ता व निजी खातेदार की सांगानेर तहसील के नेवटा व रामजीपुरा बास में प्रस्तावित आवासीय योजना बालाजी एन्क्लेव के मानचित्र मंजूर किए गए। इस आवासीय योजना में 1200 भूखंड सृजित हैं। इसी प्रकार लक्ष्मी गृह निर्माण सहकारी समिति की आवासीय योजना कैलाशपुरी के मानचित्रों को भी मंजूरी दी गई। इस योजना में कुल 60 भूखंड हैं
इकरारनामों की जांच के निर्देश
सहकारी समितियों की आवासीय योजनाओं के अनुमोदन से पहले जेडीए इकरारनामों की जांच करेगा। इस संबंध में बुधवार को अनुमोदन के लिए रखे गए प्रकरणों में जेडीए आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए। सहकारी समितियों की योजनाओं में भूखंडों के पुनर्गठन से संबंधित प्रकरणों में निर्णय लिया गया कि भूखंडों की रजिस्टर्ड डीड, अलग-अलग व्यक्ति के नाम पट्टे जारी होने की अनिवार्यता की जांच कर प्रकरण बैठक में लाए जाएं।