जालंधर/लुधियाना. ऋता बावा हत्याकांड में 7 दिन पहले उठाए गए केएमवी के बस कंडक्टर रमन की पुलिस ने गिरफ्तारी डाल दी। रमन पर आरोप है कि उसने अपने साथी सचिन के साथ मिलकर हत्याकांड का ताना-बाना बुना था। लुधियाना के एसएसपी आर.के. जायसवाल ने कहा कि गिरफ्तारी का मुझे पता नहीं, पूरी जानकारी वीरवार को प्रैस कान्फ्रैंस में दूंगा। बशीरपुरा जालंधर निवासी रमन ने पहले जुबां नहीं खोली, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती की तो उसने कई राज उगले।
हत्याकांड में बड़े..
उसने यह कह कर जांच टीम को चौंक ा दिया कि सचिन को ऋता बावा की हत्या की सुपारी पूर्व बिजली बोर्ड अधिकारी जैन ने दी थी। पुलिस ने जैन से पूछताछ की तो रमन की कहानी संदिग्ध पाई गई। जैन ऋता बावा के बेहद करीब थे और अंतिम बार 5 जनवरी को ऋता बावा ने जैन से फोन पर बात की थी।
अगर लुधियाना पुलिस की जांच में रमन आरोपी पाया गया तो जालंधर पुलिस की पूछताछ प्रक्रिया पर सवालिया निशान लग जाएगा। रमन से जालंधर पुलिस ने 5 बार पूछताछ की थी।
बिट्टू यादव मास्टरमाइंड का बाप
पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि सचिन ने अपने घर पर हत्या का ताना-बाना बुना था और उस समय उसका पिता बिट्टू यादव भी मौजूद था। हालांकि बिट्टू यादव का कहना था कि उसे केस में इस लिए घसीटा गया क्योंकि उसका बेटा पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ। गौरतलब है कि बिहार गई लुधियाना पुलिस ने सचिन को सरैंडर करवाने के लिए दबाव बनाते हुए उसके परिवार को हिरासत में लिया था।
उधर, हत्याकांड में गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने बुधवार को इस कांड में बिहार के ही एक और अपराधी के शामिल होने की जानकारी दी। तीनों ने हत्याकांड के किंगपिन का हुलिया भी बता दिया है।
सुपारी देने वाला कौन :
बिहार के हत्यारोपियों ने पुलिस को जानकारी दी है कि सचिन ने उनकी मुलाकात ऋता बावा की हत्या के लिए सुपारी देने वाले से कराई थी। वे लोग उसका नाम तो नहीं जानते हैं, पर चेहरा देखकर उसे पहचान जाएंगे। पुलिस इस कांड में जिनके नाम आए हैं उनकी तस्वीरें दिखा कर पहचान करा रही है। पुलिस का कहना है कि सचिन के पकड़े जाने से बावा हत्याकांड की पूरी कहानी खुल जाएगी।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि बिहार के मधेपुरा जिले का मनोज भी उनके साथ कांड में शामिल था। मंगलवार को बिहार के आरोपियों ने इस मामले में बिहार के ही रामू का नाम लिया था। रामू 7-8 साल पहले केएमवी में काम करता था। किसी कारणवश बावा ने उसे नौकरी से निकाल दिया था।