|
News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. पंजाब सरकार की ओर से स्टील इंडस्ट्री को जल्द राहत मिलने वाली है। पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार पंजाब सरकार इसका लेकर शीघ्र ही एक नोटिफिकेशन जारी करने वाली है। इस नोटिफिकेशन के बाद कुछ चीजों पर से एंट्री टैक्स हटा दिए जाएंगे । इनमें स्टील आइटम्स, कपास, डाई और कैमिक्ल मुख्य हैं। चंडीगढ़ में पीएचडी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स में पंजाब के उद्योगपतियों के साथ आयोजित बैठक में यह जानकारी आबकारी एंव कराधान आयुक्त वेणु प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया कि आगामी 15 दिनों तक इस बारे में नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।
उद्योगपतियों ने कहा कि स्टील की रेंज बहुत विस्तृत है। एंट्री टैक्स के दायरे में आने वाली स्टील की चीजें निर्धारित की जानी चाहिए। बैठक में पीएफसी और पीएसआईडीसी से लोन लेने वाले बीमार उद्योगों के लिए वन टाइम सेटलमेंट स्कीम पर सरकार ने फिर से विचार करने की बात कही है। प्रमुख सचिव उद्योग व वाणिज्य एस.एस.चन्नी ने कहा कि हम कुछ ऐसा सोच रहे हैं जिससे न कॉपरेरेशन को नुकसान हो और न उद्योगों को। बैठक में पूरी बिजली दिए जाने की भी मांग रखी गई। अभी पंजाब के उद्योगों को 50 फीसदी बिजली मिल रही है। उद्योगपतियों की मांग है कि सरकार के पास उद्योगों के लिए बिजली बाहर से खरीदने के लिए स्पेशल फंड्स होने चाहिए। चन्नी ने बताया कि जो फोकल प्वाइंट्स बद्तर हैं उन्हें स्थानीय निकायों के हवाले किया जाएगा।
उद्योगों के लिए जल्द ही हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। जिसके टोल फ्री नंबर के जरिए कोई भी उद्योगपति किसी भी प्रॉजेक्ट की जानकारी ले सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में उद्योगों की स्थिति सुधारने के लिए सरकार इंडस्ट्रियल एरिया मेंटेनेंस एक्ट लागू करने जा रही है। चन्नी के अनुसार इंडस्ट्रियल पॉलिसी ड्राफ्ट हो चुकी है और अगस्त तक लागू कर दी जाएगी। बैठक में उद्योगपितयों ने मांग की कि दो साल पहले बनी उस योजना को लागू किया जाए जिसके तहत कोई भी उद्योगपति किसी भी फाइल के बारे में जानकारी ले सके।