Breaking News 
bhaskar Web English


HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

नीना की शादी

अभिनेत्री नीना गुप्ता ने चार्टर्ड एकाउंटेंट विवेक मेहरा से शादी कर ली है। मूलत: दिल्ली के विवेक अमेरिका में एक बड़े कारोबारी संस्थान में काम करते हैं। अमेरिका में ही बीती 15 जुलाई को यह विवाह समारोह बड़े गुपचुप ढंग से संपन्न हुआ।

इस बारे में पूछे जाने पर नीना ने शादी की बात स्वीकार करते हुए केवल इतना ही कहा,‘हां, मैंने विवेक से शादी कर ली है। 15 जुलाई को हमारी शादी हुई।’ इससे पहले, नीना के एक करीबी सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर हमें नीना और विवेक की शादी की जानकारी देते हुए बताया कि यह विवाह समारोह अमेरिका में बड़े गुपचुप ढंग से संपन्न हुआ। इसके बारे में कुछ गिने-चुने करीबी दोस्तों के अलावा और किसी को पता नहीं था। सूत्र ने यह भी बताया कि नीना और विवेक एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं और लंबे समय से शादी करना चाह रहे थे। नीना गुप्ता वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर सर विवियन रिचर्डस के साथ अपने प्रेम-संबंधों की वजह से काफी चर्चित रही हैं, जिनसे उन्हें एक बेटी मसाबा भी है।

दिल्ली स्थित राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की छात्रा रहीं नीना ने कई फिल्मों और धारावाहिकों में अभिनय किया है। नीना को 1994 में ‘वो छोकरी’ फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है। उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में भी काम किया है, जिनमें रिचर्ड एटनबरो की ‘गांधी’ (1982) के अलावा मर्चेट आइवरी की ‘द डिसीवर्स’ (1988), ‘इन कस्टडी’ (1993) और ‘कॉटन मैरी’ (1999) शामिल हैं।

सुभाष घई की फिल्म ‘खलनायक’ (1993) में माधुरी दीक्षित के साथ ‘चोली के पीछे क्या है’ गाने ने उन्हें खूब प्रसिद्धि दिलाई थी। छोटे परदे पर उनका पहला सीरियल ‘खानदान’ (1985) था। इसके बाद उन्होंने श्याम बेनेगल के ‘भारत एक खोज’, ‘सात फेरे’, ‘चिट्ठी’ और ‘सांस’ जैसे धारावाहिकों में भी काम किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: