|
नई दिल्ली/हैदराबाद.
माकपा से सोमनाथ के निष्कासन के बाद अब यूपीए एकजुट होकर उनके समर्थन में आगे आया है। गुरुवार को प्रधानमंत्री सहित कई संगठनों ने नेताओं ने उनसे मुलाकात की। वहीं, माकपा महासचिव प्रकाश करात ने हैदराबाद में चटर्जी के निष्कासन को उचित करार देते हुए कहा कि उनके पास इसके अलावा और कोई विकल्प नहीं था। मनमोहन सिहं ने चटर्जी के निवास पर करीब 10 मिनट तक उनसे चर्चा की। हालांकि उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब नहीं दिए। समझा जाता है कि चटर्जी द्वारा संसद के बखूबी संचालन पर वे उनकी तारीफ करने पहुंचे थे।
उधर, रामविलास पासवान ने चटर्जी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा कि पूरा सदन उनके साथ है।
पार्टी की निष्ठुरता :
रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव भी अपनी बेटी के साथ चटर्जी मिले। लालू ने कहा, ‘माकपा को बस अब ज्योति बसु को निष्कासित करना बाकी है। उनकी (वामपंथियों की) की बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है। पार्टी को विचारधारा देने वाले को ही उन्होंने निष्ठुरता से निकाल दिया। प्रकाश कभी भी उनका स्थान नहीं ले सकते।’
इनके अलावा :
चटर्जी से मुलायम सिंह यादव और अमर सिंह, जल संसाधन मंत्री सैफुद्दीन सोज, गृहमंत्री शिवराज पाटील, राजद नेता देवेंद्र यादव और अनिरु द्ध यादव उर्फ साधु यादव ने भी मुलाकात की। चटर्जी के प्रति इन सभी नेताओं ने अपना समर्थन जाहिर किया। साधू व देवेंद्र यादव ने तो उन्हें राजद में आने का प्रस्ताव भी दे डाला है।