|
नई दिल्ली.
विश्वास मत के दौरान मंगलवार को सदन में उछाले गए नोट और सत्ता पक्ष पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के मामले में एक नया मोड़ आ सकता है। एक टीवी चैनल और कांग्रेस ने दावा किया है कि नोटों की गड्डियों पर स्टेट बैंक आफ इंदौर की भोपाल स्थित न्यू मार्केट शाखा की पर्ची लगी है। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने नोट कांड मामले में एक मुख्यमंत्री की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। हालांकि भाजपा ने चुप्पी साधते हुए कहा यह कांग्रेस का दुष्प्रचार है।
उधर सदन में नोटों की गड्डियां पेशकर देश को स्तब्ध कर देने वाली घटना के भागीदार भाजपा के तीनों सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी को शुक्रवार को लिखित शिकायत सौंप दी। लोकसभा में विपक्ष के उपनेता विजयकुमार मल्होत्रा ने दावा किया कि सांसदों की खरीद-फरोख्त में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने 500 से 600 करोड़ रुपए बांटे। मल्होत्रा ने कहा कि सत्तापक्ष की ओर से भाजपा के 50 सांसदों को खरीदने की कोशिश की गई थी।
इस बीच मध्यप्रदेश की मंडला सीट से निर्वाचित सांसद फग्गन ¨सह कुलस्ते और मुरैना सीट से सांसद अशोक अर्गल तथा राजस्थान के सांसद महावीर भगोरा ने लोकसभा में विपक्ष के उपनेता विजय मल्होत्रा तथा पार्टी प्रवक्ता रवि शंकर प्रसाद के साथ लोकसभा अध्यक्ष के कार्यालय में जाकर शिकायत दर्ज कराई।
मल्होत्रा ने बाद में पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी अब शिकायत पर लोकसभा अध्यक्ष के जवाब के बाद अपना रुख तय करेगी। उन्होंने बताया कि भाजपा ने श्री चटर्जी से उक्त खरीद फरोख्त की घटना की एक निजी टेलीविजन चैनल द्वारा तैयार सीडी उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि उसे पूरे देश को दिखाकर लोकतंत्र पर कालिख पोतने वाली करतूत का सच उजागर किया जा सके। ।