जठलाना/जगाधरी.16 जुलाई से लापता सपना के परिजनों से उसकी रिहाई के बदले 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई है। पुलिस ने सपना के भाई की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर दो टीमें यूपी रवाना कर दी है। सपना (23) जगाधरी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज में एमबीई फाइनल की छात्रा है।
जठलाना के गांव लालछप्पर निवासी रमेश कुमार की पुत्री सपना 16 जुलाई को एमफिल का फार्म भरने के लिए कॉलेज गई थी। उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार को उसके परिजनों ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि मेरठ जिले के गांव गोतका निवासी उपदेश, योगेश व प्रवीण ने उसका अपहरण कर लिया है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सपना के लापता होने के दो-तीन दिन बाद इन युवकों ने उन्हें फोन पर उसकी रिहाई के बदले 20 लाख रुपए की मांग की थी। इसके बाद वे लोग गाजियाबाद गए लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो वे पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ११ से १५ जुलाई तक लालछप्पर गांव में ही थे।
फिलहाल सपना के भाई की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि फिरौती मांगी गई है। पुलिस की दो टीमें यूपी गई हैं। लड़की बरामद होने के बाद ही सच्चई सामने आएगी।
-कौशल सिंह, जांच अधिकारी एवं एसएचओ शहर थाना जगाधरी।