|
Business
Personal Finance Personal Finance
आज की पीढ़ी 60 साल तक काम करना नहीं चाहती। इसलिए जिधर देखो उधर युवा काम में अपने आप को झोंके जा रहे हैं। वे उन तमाम जगहों पर हाथ मार रहे हैं, जहां से उन्हें कमाई हो सके, ताकि जल्दी रिटायर होकर शेष जिंदगी का लुत्फ उठाया जा सके।
यहां सवाल यह है कि यदि कोई जल्दी रिटायर होना चाहता है तो उसे अभी कितना कमाना चाहिए ताकि वह अपने प्लान के अनुसार काम से सेवानिवृत्त हो सके और मौजूदा जीवन स्तर के अनुरूप जीवन व्यतीत कर सके?
इसे हम एक उदाहरण के माध्यम से समझेंगे। एक निजी बैंक में अधिकारी संजय गुप्ता की उम्र अभी 33 साल है और वे 50 साल की उम्र में यानी 2025 में रिटायर होना चाहते हैं। उनके पास अभी 17 साल है।
उनकी मौजूदा कमाई 25 हजार रुपए प्रति माह है और इसमें वे बड़ी आरामदायक जिंदगी गुजार लेते हैं। वे 2025 में रिटायरमेंट के बाद भी यही जीवन स्तर बनाए रखना चाहते हैं। यहां सनद रहे कि उनका बैंक उन्हें पेंशन देने नहीं जा रहा है। तो 17 साल बाद भी क्या उनके लिए 25 हजार रुपए काफी होंगे? नहीं। इसमें मुद्रास्फीति को भी ध्यान में रखना होगा। मुद्रास्फीति की वजह से आज 25 हजार रुपए की जो कीमत है, वही कीमत 17 साल बाद नहीं रहेगी।
तब कितनी आय?मुद्रास्फीति की मौजूदा दर अभी भले ही 11-12 फीसदी हो, लेकिन दीर्घकाल में यह इतनी नहीं रहेगी। औसत दर 6 फीसदी मान लें तो 2025 तक संजय को आज का जीवन स्तर मैंटेन करने के लिए प्रति माह 67,319 रुपए कमाने होंगे। यानी उनकी वार्षिक आय होनी चाहिए 8,07,832 रुपए।
कहां से आएगी?
उस समय संजय आराम के मूड में होंगे, कुछ कमा नहीं रहे होंगे और न ही उन्हें अपने संस्थान से पेंशन मिल रही होगी। इसलिए यह पूरी आय उन्हें अपने निवेश पर अर्जित ब्याज के रूप में प्राप्त करनी होगी। यानी उन्हें हर साल ब्याज के रूप में अर्जित करने होंगे 8,07,832 रुपए। रिटायरमेंट के बाद हर साल सात फीसदी के रिटर्न के साथ 8,07,832 रुपए की वार्षिक आय अर्जित करने के लिए उन्हें 1,15,40,455 रुपए की जरूरत होगी। ब्याज पर टैक्स भी जोड़ लें तो यह राशि और भी ज्यादा हो सकती है। यह पूरी राशि उन्हें 17 साल के दौरान निवेश व बचत से जुटानी होगी।
कैसे होगा संभव?
इन 17 साल में एक करोड़ 15 लाख रुपए पाने के लिए यदि संजय आज से ही प्रति माह निवेश शुरू कर दें और 14 फीसदी रिटर्न (कर पश्चात) की उम्मीद करें तो उन्हें प्रति माह 13,992 रुपए का इन्वेस्ट करना होगा। 25 हजार रुपए में इतनी बचत बहुत ही मुश्किल है, लेकिन सबक यह है कि जितनी जल्दी निवेश या बचत शुरू कर दी जाए, भविष्य उतना ही उज्जवल रहेगा।
(लेखक न्यूयार्क में बिजनेस एनालिस्ट और वेबसाइट www.raagvamdatt.com के सलाहकार हैं।)