|
जालंधर. स्थानीय निकाय मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा है कि कंपनी बाग का विस्तार कर उसे स्टेट आफ आर्ट पार्क का दर्जा दिया जाएगा। निगम की वर्कशाप को लम्मा पिंड चौक में शिफ्ट कर कंपनी बाग में फूड पार्लर व फूड कोट खोला जाएगा, जिससे शहरवासियों को जहां ट्रैफिक से मुक्ति मिलेगी वहीं अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पार्क मिलेगा।
मंत्री कालिया शनिवार को लम्मा पिंड चौक के पास नगर निगम के नए वर्कशाप निर्माण कार्य का शुभारंभ करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लम्मा पिंड चौक में खेती-बाड़ी विभाग की खाली पड़ी साढ़े 4 एकड़ जमीन नगर निगम ने लीज पर लेकर वर्कशाप निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है।
एक एकड़ जमीन में 80 लाख रुपए की लागत से वर्कशॉप और साढ़े 3 एकड़ जमीन में 80 लाख रुपए की लागत से सिटी बस सर्विस के डिपो बनेंगे। दोनों प्रोजैक्ट पर सरकार 160 लाख रुपए खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले माह नगर निगम के लिए 3 करोड़ रुपए से वाहन खरीदे गए थे, जिसको खड़ा करने व अन्य काम के लिए असुविधा होती थी।
मुख्यमंत्री करेंगे सिटी बस सर्विस का शुभारंभ
कालिया ने कहा कि अगस्त में सिटी बस सर्विस का शुभारंभ मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल करेंगे। इसके लिए अत्याधुनिक तरीके से क्यू शैलटर बनाए जाएंगे। इससे निगम को डेढ़ करोड़ रुपए की आमदनी होगी।
इस मौके पर विधायक चूनीलाल भगत, जगबीर सिंह बराड़, मेयर राकेश राठौर, मोहिंदर भगत, डीसी अजीत सिंह पन्नू, राहुल गुप्ता, गुरुचरण सिंह चन्नी, रवि महेंद्रू, किशनलाल शर्मा,पार्षद सुनील ज्योति, परमजीत सिंह रेरू, निर्मल सिंह निम्मा, गुरमेल सिंह, मनजिंदर सिंह चट्ठा, वेद वशिष्ठ, हंसराज राणा, गुरमीत चंद, पवन गुप्ता, कृपाल सिंह बूटी, भाजपा नेता अमरजीत सिंह अमरी, भगवंत प्रभाकर, पूर्व पार्षद अजरुन सिंह पप्पी निगम के एसई कुलविंदर सिंह, वीपी सिंह, सतनाम सिंह, एमटीपी मुरारीदत्त शर्मा, गुरचरण सिंह आदि उपस्थित थे।
शिलान्यास पत्थर से विधायक का नाम गायब
उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में पड़ते लम्मा पिंड चौक में विकास कार्यो का शुभारंभ किया जा रहा है, लेकिन क्षेत्रीय विधायक केडी भंडारी का नाम शिलान्यास के पत्थर पर दर्ज नहीं करवाया गया। कार्यक्रम में भंडारी गैरहाजिर भी थे। हालांकि कार्यक्रम के खत्म होने के बाद केडी भंडारी भी पहुंचे, लेकिन तब तक मंत्री व सभी लोग जा चुके थे। भंडारी ने कहा कि किसी काम में फंसे होने के कारण वे समय से वहां नहीं पहुंच सके।
सतलुज एक्शन ट्रीटमैंट प्लांट का उद्घाटन
स्थानीय निकाय मंत्री मनोरंजन कालिया ने शनिवार को फोल्डीवाल के पास स्थित सतलुज एक्शन ट्रीटमैंट प्लांट का औपचारिक रुप से उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि 80 एकड़ जमीन में 52 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित किए इस ट्रीटमैंट प्लांट में शहर से निकलने वाले 100 एमएलडी से ज्यादा गंदे पानी को ट्रीट कर सतलुज दरिया में प्रवाहित किया जाएगा।
इसके अलावा दूषित पानी को ट्रीट करते समय निकलने वाली बायो गैस का इस्तेमाल जैनरेटर चलाने में किया जाएगा। सतलुज एक्शन ट्रीटमैंट प्लांट के तहत शहर में 16 करोड़ रुपए की लागत से 11.5 किलोमीटर सीवरेज लाइन बिछाई गई है।
25 एमएलडी और बढ़ेगी क्षमता : शहर से करीब 150 एमएलडी गंदा पानी निकलता है, जिसके लिए 100 एमएलडी का ट्रीटमैंट प्लांट पर्याप्त नहीं है, जिससे जल्द ही इस प्लाट में 25 एमएलडी ट्रीटमैंट क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके लिए अर्बन इंटीग्रेटेड डिवलैपमैंट स्कीम फार स्माल एंड मीडियम टाऊन (यूआईडीएसएसएमटी) के अधीन 52.79 करोड़ रुपए की योजना बनाई गई है। जिसमें केंद्र सरकार की तरफ से 39.64 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई थी। जबकि प्रदेश सरकार की तरफ से 4.96 करोड़ व नगर निगम की तरफ से 10.20 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
79 किमी नई सीवरेज लाइन बिछेगी : राठौर
मेयर राठौर कहा कि जल्द ही शहर में 79 किमी नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इससे टावर एंक्लेव फेज-1,2,3, दूरदर्शन एंक्लेव-2, उदय नगर, तिलक नगर, दशमेश नगर, अरोड़ा कालोनी, मिलकी कालोनी, न्यू करतार नगर, द्योल नगर एक्सटैंशन, ग्रीनवुड एवेन्यू, केशव नगर, राजा गार्डन, एकता विहार आदि इलाकों के लोगों को सीवरेज की सुविधाएं मिलेंगी।