|
सिरसा
डेरा सच्च सौदा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह ने कहा कि साध्वी यौन शोषण मामले में अभी आरोप तय हुए हैं, आरोप सिद्ध नहीं हुए। यह एक न्यायिक प्रक्रिया है और उन्हें न्यायालय पर पूरा विश्वास है।
डेरामुखी रविवार को डेरे में आयोजित सत्संग के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने सत्संग से पहले ऐलान कर दिया कि जो कोई भी उनसे सवाल पूछना चाहे, वह एक चिट पर लिख कर भेज दे। सिलसिलेवार सभी सवालों के जवाब दिए जाएंगे।
बाद में सत्संग के बीच वे जवाब देते रहे। उन्होंने कहा कि डेरे का विरोध सिख समाज नहीं बल्कि बुराइयों को संरक्षण देने वाले लोग कर रहे हैं।
बातचीत से हो सकता है हल :
डेरा-सिख विवाद पर उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के प्रतिनिधि आमने-सामने बैठकर ही इस समस्या का समाधान कर सकते हैं। वे विवाद का हल करने को तैयार हैं। उन्होंने मीडिया व अन्य लोगों से पहल करने को कहा।
किसी की नकल नहीं की : विवादित पोशाक के सवाल पर डेरामुखी ने कहा कि उन्होंने किसी की नकल नहीं की। सभी धर्मो के गुरुजन व संत उनके लिए सम्माननीय हैं, वह तो महज एक अदना सा चौकीदार हैं।
मीडिया से कभी परहेज नहीं किया : डेरामुखी ने कहा कि उन्होंने मीडिया से कभी परहेज नहीं किया। मामला संवेदनशील होने के कारण डेरा प्रबंधन ही तय करता है कि किनसे मिलना है।
राजनीति से कोई लेना-देना नहीं :
उन्होंने कहा कि उनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उनके लिए सब बराबर हैं। उन्होंने कहा कि नामचर्चा का विरोध नहीं होना चाहिए क्योंकि नामचर्चा में ओम, हरि, गॉड, वाहेगुरु, अल्लाह के नाम का ही जप किया जाता है जो सभी धर्र्मो से जुड़ा हुआ है।