|
बीकानेर. बीकानेर प्राथमिक उपभोक्ता होलसेल भण्डार के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया है। रविवार को विजय सहकार भवन में हुए चुनाव में भण्डार अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुरेन्द्र व्यास तथा उपाध्यक्ष पद पर गणपतराम विजयी घोषित किए गए।
निर्वाचन अधिकारी रणवीर सिंह ने दोनों विजेता प्रत्याशियों को निर्वाचन का प्रमाण-पत्र सौंपा। भण्डार महाप्रबंधक शिवजीलाल चोपड़ा ने नव निर्वाचित भण्डार अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
निर्वाचन अधिकारी सिंह ने बताया कि अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव के एजेन्डे पर भण्डार के संचालक मंडल के दस सदस्यों की प्रथम बैठक सुबह नौ बजे भण्डार कार्यालय में शुरू हुई। बैठक में अध्यक्ष पद के लिए सुरेन्द्र व्यास, जन्मेजय व्यास तथा राजेशकुमार ने नामांकन दाखिल किया।
जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए गणपतराम तथा संजय गुप्ता ने पर्चा दाखिल किया। नाम वापसी के समय अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी जन्मेजय व्यास ने नामांकन वापस ले लिया। दोपहर तीन बजे शुरू हुए मतदान में संचालक मंडल के कुल दस सदस्यों में से कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष पद के प्रत्याशी व्यास को पांच मत मिले जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी राजेश कुमार को चार मत ही मिले।
इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी गणपतराम को पांच मत तथा भाजपा समर्थित प्रत्याशी गुप्ता को चार मत मिले। दोनों पदों पर भाजपा प्रत्याशियों को मिला एक-एक मत खारिज हो गया था।