|
उदयपुर. अहमदाबाद में हुए धमाकों के चार संदिग्ध रविवार को उदयपुर में पकड़े गए। यह शहर के होटलों में रुके हुए थे। बताया जाता है कि इनके पास से विस्फोटक भी बरामद हुए हैं। इनके बारे में सूचना खुफिया तंत्र से मिली थी।
अहमदाबाद में सीरियल बम ब्लास्ट के बाद उदयपुर में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। संभवत: ये चारों गुजरात से एक दिन पहले यहां आए थे। पुलिस इन अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आशंका जताई है कि अहमदाबाद में बम धमाकों को अंजाम देने वाले लोग इसी रास्ते से भाग सकते हैं।
उदयपुर में हाई अलर्ट लागू करने के बाद रविवार को सार्वजनिक स्थलों की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ संदिग्ध लोगों की पूछताछ और धरपकड़ की गई। पुलिस ने गत रात शहर की प्रमुख होटलों की जांच की। चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस इन चारों से पूछताछ कर रही है, लेकिन इनके नाम-पते का खुलासा नहीं कर रही है।
हिरासत में लिए गए इन चारों अभियुक्तों से अहमदाबाद में हुए बम धमाकों के तार जुड़ने की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने रविवार को शहर के अंदरूनी हिस्सों में भी सघन जांच अभियान चलाया। पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
नाथद्वारा में भी हाईअलर्ट
नाथद्वारा के श्रीनाथजी मंदिर के आसपास भी प्रशासन सतर्कता बरत रहा है। यहां आने वाले दर्शनार्थियों व होटल, धर्मशालाओं में ठहरे लोगों पर नजर रखी जा रही है। गुजरात राज्य की सीमा से लगती हुई उदयपुर संभाग सबसे नजदीक से जुड़ा हुआ है।