|
News
International International न्यूयॉर्क.
पाकिस्तान द्वारा मुजाहिदीन को फंडिंग की बात स्वीकारते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बराक ओबामा ने कहा है कि यह पाक के लिए आत्मघाती साबित हो रहा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी से मुलाकात से पहले ओबामा ने कहा, शायद पाक को लगा होगा कि मुजाहिदीन की आर्थिक मदद करने से कश्मीर में उसे फायदा मिलेगा। पीएम बनने के बाद गिलानी का यह पहला अमेरिकी दौरा है।
उनकी ओबामा के साथ मंगलवार को मुलाकात की संभावना है। वाल स्ट्रीट जर्नल में प्रकाशित इंटरव्यू में ओबामा ने कहा, ‘हमें इसका निष्पक्षता के साथ विश्लेषण करना चाहिए कि मुजाहिदीन को मदद किस तरह से पाक के लिए घाटे का सौदा साबित होती रही है।’ ओबामा ने कहा कि अगर पाकिस्तान भारत से खतरा महसूस करता है तो हमें इसे अफगानिस्तान समस्या की ही तरह हल करने की कोशिश करना चाहिए।
ओबामा ने कहा कि राष्ट्रपति जॉर्ज बुश को पाकिस्तान से अपने इलाके में मौजूद सारे आतंकी कैंप बंद करने के लिए कहना चाहिए। ओबामा के अनुसार आतंकी कैंप अमेरिका, अफगानिस्तान और पाकिस्तान किसी के भी हित में नहीं है। ओबामा ने इस बात को भी माना कि पाकिस्तान के अफगानिस्तान से सटे इलाके में आतंकियों के कैंप अमेरिका के लिए सिरदर्द साबित हो रहे हैं।
शिकागो में अल्पसंख्यक समुदाय के पत्रकारों के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए ओबामा ने कहा कि पाकिस्तान से अमेरिका को ज्यादा प्रभावी सहयोग की दरकार है। अल कायदा और तालिबान ने पाकिस्तानी सीमा में सुरक्षित ठिकाने बना रखे हैं और अमेरिकी सेना वहां जा नहीं सकती। यह बहुत बड़ी समस्या है।