|
कोटा. खेत में मजदूरी करने बिहार से आए एक युवक की आंख में सोमवार को टायस न्यूकोसस प्रजाति के जहरीले सांप ने डस लिया। केशवरायपाटन निवासी दर्शन सिंह सरदार के खेत पर मजदूरी करने बिहार से आए 32 वर्षीय फिरोज अहमद को सोमवार की शाम को एक सर्प ने उस वक्त डस लिया जब वह एक धोरे पर मुंह धो रहा था।
सर्प ने उसकी बाईं आंख में सात बार दांत गढ़ाए। अचानक आंख में वार होते ही फिरोज दर्द से बिलबिला उठा और सांप पानी में चला गया। शोर सुनकर खेत मालिक सहित कुछ लोग वहां जमा हो गए। उन्होंने सांप को पकड़ लिया। सांप व फिरोज को लेकर वे कोटा में सर्प विशेषज्ञ डॉ. विनोद महोबिया के पास पहुंचे।
कॉर्निया में सात स्थानों पर डसा
डॉ. महोबिया के अनुसार सांप टायस न्यूकोसस प्रजाति का था जो पानी, पेड़ व बिजली के पोल पर चढ़ने में माहिर होता है। यह अक्सर जम्प करके पक्षियों को खा जाता है। पानी में वो मछलियों का शिकार करता है। सांप ने फिरोज की आंख में सात स्थानों पर दांत गढ़ाए थे। उसके शरीर से जहर का प्रभाव खत्म करने के बाद उसे नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सुरेश पांडेय को दिखाया। जहर से उसकी आंख प्रभावित हुई है, लेकिन रोशनी सही है।
पहला मामला
डॉ. महोबिया के अनुसार उन्होंने इस संबंध में काफी जर्नल्स पढ़े हैं, लेकिन आंख में सांप के डसने का यह पहला ही मामला देखा है।