Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanKota Kota

सड़कों पर नाइंसाफी का गुस्स

कोटा. कोटा में आईआईटी की मांग को लेकर सोमवार को नागरिक सड़कों पर उतर आए। शहर के दोनों प्रमुख व्यापारिक संगठनों और नागरिकों ने संभागीय आयुक्त कार्यालय प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया, वहीं आईआईटी संघर्ष समिति ने नयापुरा चौराहे पर काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर धरना दिया।

उधर, व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि कोटा को आईआईटी नहीं मिली, तो पूरे हाड़ौती में उग्र आंदोलन किया जाएगा। कोटा आईआईटी स्थापना संघर्ष समिति के बैनर तले व्यापारी व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि सुबह संभागीय आयुक्त कार्यालय पर एकत्रित हुए तथा वहां प्रदर्शन कर अतिरिक्त संभागीय आयुक्त आर.डी. मीणा को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान सभी ने दोहराया कि आईआईटी हमारा हक है, जो हम लेकर रहेंगे। ज्ञापन पर शहर के प्रमुख उद्यमियों, व्यापारियों व सुधि नागरिकों ने दस्तखत किए हैं।

दो टीमों का गठन
व्यापार मंडल संघर्ष समिति ने आंदोलन के लिए दो टीमों का गठन किया है। एक टीम का नेतृत्व वरिष्ठ उद्यमी गोविन्दराम मित्तल और दूसरी टीम का नेतृत्व व्यवसायी ईश्वर गंभीर को सौंपा गया है। मित्तल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री एवं मानव संसाधन मंत्री से मिलेगा। वहीं गंभीर युवाओं को साथ लेकर शहर में आंदोलन चलाएंगे। इसमें शहर की सभी शैक्षणिक, सामाजिक, व्यापारिक एवं औद्यौगिक संस्थाओं को जोड़ा जाएगा।

नयापुरा चौराहे पर धरना
उधर, कोटा व्यापार महासंघ व संघर्ष समिति की ओर से नयापुरा चौराहे पर धरना दिया और काले झंडों के साथ चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया। समिति संयोजक राम मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की कोटा में ही आईआईटी खोलने की मंशा है, इसके बाद भी केंद्र के स्तर पर राजनैतिक हो रही है। संघर्ष समिति आंदोलन में हर शहरवासी को शुमार करेगी। धरने का संचालन संघ के अध्यक्ष डॉ. डीके शर्मा ने किया।

झंडे बांटे, प्रदर्शन किया
समिति ने धरने के बाद विवेकानंद सर्किल पर काले झंडे लहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए नयापुरा के दुकानदारों को काले झंडे बांटे और आंदोलन में जुड़ने की अपील की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कुछ वाहन भी रोक दिए।

रोटरी पद्मिनी का हस्ताक्षर अभियान
रोटरी क्लब पद्मिनी की ओर से आईआईटी के लिए एयरोड्रम सर्किल पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में सबसे पहले कॅरिअर प्वाइंट के निदेशक प्रमोद माहेश्वरी ने हस्ताक्षर किए। सचिव नीता मित्तल ने बताया कि अभियान में महिला नागरिक सहकारी बैंक ने भी सहयोग किया।

लॉयंस क्लब की रैली आज
लॉयंस और लॉयनेस क्लब की ओर से मंगलवार को रैली निकाली जाएगी। रैली शाम 5 बजे शॉपिंग सेंटर स्थित बिनानी सभागार से रवाना होकर गुमानपुरा स्थित इंदिरा गांधी तिराहे पर खत्म होगी। लॉयनेस क्लब अध्यक्ष सुनीता माथुर ने कहा है कि आईआईटी के लिए कोटा में सभी तैयारियां पूरी हैं, इसलिए देरी नहीं की जानी चाहिए।

काले झंडे लगाएंगे दुकानदार
गुमानपुरा दुकानदार संघ की ओर से मंगलवार को सभी सदस्य अपनी दुकान व प्रतिष्ठानों पर काले झंडे लगाएंगे। अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि यह विरोध केन्द्र की आईआईटी को लेकर बदनीयती के खिलाफ प्रदर्शित किया जा रहा है। मंगलवार शाम 4 बजे गुमानपुरा में धरना भी दिया जाएगा।

देना ही होगा हक

कोटा में आईआईटी खोलने से केन्द्र इंकार नहीं कर सकता। यह देश और राज्य के भविष्य से जुड़ा मसला है, इसे राजनीति के आधार पर नहीं, बल्कि नॉलेज और संसाधनों की मेरिट के आधार पर तय करना चाहिए। आईआईटी के तकनीकी मापदंडों की हर कसौटी पर कोटा खरा उतरता है, इसलिए कोटावासियों का यह संकल्प शीघ्र पूरा होना चाहिए।

यहां से आईआईटी को अन्यत्र ले जाने की चेष्टा करना सामाजिक और शैक्षणिक दृष्टि से ठीक नहीं होगा। जो आधारभूत सुविधाएं यहां प्रचुरता से मौजूद हैं, उनकी उपेक्षा करना न्यायोचित नहीं है। कोटा में आईआईटी खुलने से उसके प्रोफेसर्स के ज्ञान का लाभ कंसलटेंट के रूप में पूरे पश्चिम क्षेत्र को मिलेगा।

कोटा के इस सपने को पूरा करने के लिए सभी को भागीदार बनना चाहिए। इसके लिए आवश्यक है कि भास्कर में प्रकाशित संकल्पपत्र को अवश्य भरें। भास्कर इन संकल्प-पत्रों को प्रधानमंत्री, मानव संसाधन मंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचाएगा, ताकि हाड़ौती का हक बुलंद हो सके।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: