|
मुंबई.
महाराष्ट्र में भले ही राज ठाकरे और शिव सेना उत्तर भारतीयों के खिलाफ अभियान चला रहे हों, मुंबई के युवाओं में बाल ठाकरे और सचिन तेंडुलकर से ज्यादा लालू प्रसाद यादव और महेंद्र सिंह धोनी लोकप्रिय हैं। बिग बी अमिताभ बच्चन की लोकप्रियता बादशाह खान शाहरुख खान से अधिक है।
‘डीएनए’ की तीसरी वर्षगांठ पर आईएमआरएस द्वारा किए गए सर्वे में जहां 29 फीसदी युवाओं ने रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव को अपना पसंदीदा राजनेता बताया वहीं शिव सेना सुप्रीमो बाल ठाकरे को पसंद वालों का प्रतिशत महज 9 फीसदी रहा।
यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी को 13 प्रतिशत ने पहली पसंद माना तो देश भर में युवाओं का चेहरा माने जाने वाले राहुल गांधी को मुंबई के सिर्फ 8 प्रतिशत लोगों ने पहली पसंद माना। सर्वे से पता चला कि राज्य के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख केवल 7 प्रतिशत युवाओं में लोकप्रिय हैं।
खेल के क्षेत्र में पहली बार मराठी चेहरे सचिन तेंडुलकर झारखंड के महेंद्र सिंह धोनी से पिछड़ गए। धोनी को 41 फीसदी युवाओं ने पहली पसंद माना तो तेंडुलकर को 15 प्रतिशत ने। सिने कलाकारों में 17 फीसदी के साथ अमिताभ बच्चन शीर्ष पर रहे। उनके बाद शाहरुख खान 15 फीसदी और रितिक रोशन 13 फीसदी युवाओं में लोकप्रिय हैं। पूर्व विश्व सुंदरी ऐश्वर्या राय 11 प्रतिशत युवाओं में लोकप्रिय है तो 9 प्रतिशत युवा प्रियंका चोपड़ा को पसंद करते हैं।
लोगों की पसंद
राजनीति
लालू प्रसाद यादव 29
सोनिया गांधी 13
बाल ठाकरे 9
राहुल गांधी 8
विलास राव देशमुख 7
खिलाड़ी
महेंद्र सिंह धोनी 41
सचिन तेंडुलकर 15
क्रिस्टिआनो रोनाल्डो 11
सानिया मिर्जा 8
युवराज सिंह 6
सिने कलाकार
अमिताभ बच्चन 17
शाहरुख खान 15
रितिक रोशन 13
ऐश्वर्या राय-बच्चन 11
प्रियंका चोपड़ा 9 (आंकड़े प्रतिशत में)