कोलकाता
बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष जगमोहन डालमिया ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) के प्रतिष्ठित अध्यक्ष पद के चुनाव में जीत हासिल करने का कमाल कर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है। उन्हें अब तक हाशिए पर समझा जा रहा था। डालमिया ने अध्यक्ष पद के चुनाव में अपने परंपरागत प्रतिद्वंद्वी प्रसून मुखर्जी को आसानी से 24 वोटों से हराया। डालमिया को 71 और मुखर्जी सिर्फ 47 वोट ही प्राप्त कर सके। उल्लेखनीय है कि मुखर्जी अब तक अध्यक्ष थे। वे 18 महीने पहले डालमिया को हरा कर अध्यक्ष बने थे।
118 क्लबों ने दिए वोट : कैब के चुनाव शाम को 7.00 बजे से प्रारंभ हुए और देर रात तक चले। चुनाव में 121 संबद्ध क्लबों में से 118 ने वोटिंग में भाग लिया। कोर्ट ने इस चुनाव के लिए पर्यवेक्षक के रूप में संतोष कुमार फौजदार को नियुक्त किया था। पर्यवेक्षक ने मालदा के प्रतिनिधि को तकनीकी आधार पर वोट डालने से रोका। दूसरे प्रतिनिधि (बाटा स्पोर्ट्स) राज्य से बाहर थे जबकि आनंद बाजार पत्रिका के प्रतिनिधि बैठक में ही शामिल नहीं हुए।
डालमिया अभिभूत :
इस जीत के बाद डालमिया ने अभिभूत होकर कहा कि मेरी पहली प्राथमिकता राज्य में क्रिकेट के विकास के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि वे बगैर किसी भेदभाव के बंगाल के क्रिकेट के लिए कार्य करते रहेंगे।