|
सादड़ी (पाली). राजस्थान का अमरनाथ कहे जाने वाले परशुराम महादेव मंदिर में इस बार श्रद्धालु मेटल डिटेक्टर की जांच से गुजरने के बाद ही बाबा के दर्शन कर पाएंगे।
देश के कई हिस्सों में हुई आतंकी घटनाओं के बाद पाली व राजसमंद जिले की पुलिस ने यहां सुरक्षा बढ़ा दी है। मेले व भजन संध्या पर भी खुफिया कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।
परशुराम महादेव मंदिर में यह दो दिवसीय मेला इस बार ७ अगस्त से शुरू होगा। इस दौरान तीन स्थानों पर राज्यस्तरीय भक्ति संगीत समारोह भी आयोजित किया जाएगा। मेले में करीब 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है।
यहां होगी मेटल डिटेक्टर से जांच
गुफा मंदिर की ओर ले जाने वाली नाल पर मेटल डिटेक्टर लगाया जाएगा। यहां जांच होने के बाद ही श्रद्धालु गुफा की ओर बढ़ सकेंगे।
इन स्थानों पर विशेष चौकसी
कुण्ड धाम पर श्रद्धालुओं, उनके वाहनों, पार्किग स्थलों व भक्ति संगीत स्थलों की कड़ी जांच होगी। पुलिस की मोबाइल वैन सादड़ी से परशुराम कुण्ड तक गश्त करेंगी। परशुराम मार्ग पर स्थित हंजा बाव प्याउ पर भी वाहनों की जांच होगी।
परशुराम महादेव का मुख्य गुफा मंदिर, भक्ति संगीत समारोह स्थल फुटा देवल व अमर गंगा प्याउ राजसमंद में भी खुफिया कैमरों व मेटल डिटेक्टर से जांच करेंगे।
—वासुदेव भट्ट कार्यवाहक एसपी, राजसमंद
परशुराम महादेव मेले से पूर्व हम बैठक करेंगे। पड़ोसी राज्य के हालात को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष सुरक्षा व्यवस्था होगी।
—गिरधारी लाल शर्मा एसपी पाली
पुलिस प्रशासन की मांग पर ट्रस्ट मेटल डिटेक्टर भी उपलब्ध करवा देगा। मेला शांतिपूर्वक संपन्न हो इसके लिए परशुराम सेवा मंडल ट्रस्ट पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने को तैयार है।
—गणोश सिंह परमार अध्यक्ष, परशुराम महादेव सेवामंडल केलवाड़ा