|
जोधपुर. अर्जुन सिंह जी, जयपुर में इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी की घोषणा हो चुकी है। कोटा में पहले से टेक्निकल यूनिवर्सिटी है और उदयपुर को भी आईआईएम देने की घोषणा हो चुकी है। प्लीज, अब तो आप जोधपुर को आईआईटी की सौगात दे दीजिए। हम आपके आभारी रहेंगे। यह किसी वार्ता का दृश्य नहीं, बल्कि आईआईटी के लिए जोधपुर के स्टूडेंट्स की ओर से मानव संसाधन मंत्री को लिखे गए एक पत्र का मजमून है। मंगलवार को इसी तरह के संदेश लिखे सैकड़ों पोस्टकार्ड जोधपुर के विद्यार्थियों ने मानव संसाधन मंत्री अजरुनसिंह को प्रेषित किए गए।
लक्की इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के छात्र- छात्राओं ने आईआईटी की मांग को लेकर चल रही मुहिम में अपनी हिस्सेदारी निभाते हुए मानव संसाधन मंत्री को पोस्टकार्ड भेजने का कार्यक्रम कॉलेज परिसर में वरिष्ठ व्याख्याता मंजू शर्मा के नेतृत्व में शुरू किया।
इस कार्यक्रम में कॉलेज के एमबीए, बीसीए, बीबीए, बीएड व एसटीसी के विद्यार्थियों ने पोस्टकार्ड लिखे। उन्होंने अपने संदेश के माध्यम में जोधपुर की आईआईटी के लिए चल रही दावेदारी को और मजबूती दी।
इस अवसर पर इन विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कॉलेज के निदेशक मनीष कच्छवाह ने कहा कि आईआईटी जैसा उच्च शैक्षणिक संस्थान यदि जोधपुर में खुलता है तो इससे न केवल यहां के युवाओं को उच्च तकनीकी शिक्षा हासिल करने का अवसर प्राप्त होगा। बल्कि पश्चिमी राजस्थान का भी सर्वागीण विकास होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आईआईटी की मांग को ले चल रही मुहिम में हर व्यक्ति को अपनी भागीदारी तय करनी होगी, तब ही जोधपुर के लिए आईआईटी की घोषणा संभव होगी।
आज सड़कों पर उतरेंगे विद्यार्थी
‘भास्कर की ओर से आइए आईआईटी के लिए एकजुट हों’ के तहत चलाई गई मुहिम में स्वयंसेवी संस्थान भी कंधे से कंधा मिलाकर साथ चलने लगे है। इसी मुहिम के अंतर्गत बुधवार को शहर के सैकड़ों विद्यार्थी जालोरी गेट चौराहे पर मानव श्रंखला बनाएंगे। राजस्थान विकास संस्थान के बैनर तले आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में व्यास इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजूकेशन के विद्यार्थी भाग लेंगे।
मानव श्रंखला बनाने के बाद विद्यार्थियों को जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति प्रो. एमएल माथुर, वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रो. ओपीएन कल्ला, पश्चिमी राजस्थान विकास समिति के रवि अग्रवाल, एमबीएम एलुमिनी एसोसिएशन के अध्यक्ष सोहन भूतड़ा व व्यास इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजूकेशन के अध्यक्ष मनीष व्यास संबोधित करेंगे।
शिक्षा विकास समिति ने भी कमर कसी
आईआईटी की मांग को ले चल रही मुहिम में अपनी भूमिका निर्धारित करने के लिए मंगलवार को पश्चिमी राजस्थान शिक्षा विकास समिति के सदस्यों की बैठक हुई। एमबीएम एलुमिनी एसोसिएशन भवन में आयोजित इस बैठक में आईआईटी की मांग को लिए किए जा रहे प्रयासों की रूपरेखा तय की गई।
समिति के सदस्यों ने जोधपुर में ही आईआईटी खोलने की मांग को जायज ठहराया। सदस्यों ने इसे पश्चिमी राजस्थान के आर्थिक एवं शैक्षिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण बताया। बैठक में रवि अग्रवाल, सोहन भूतड़ा, शरद भंडारी, मरुधर मृदुल, प्रो. ओपीएन कल्ला, नवरतन कंसारा, एनके जैन, सतीश चौधरी, एआर कुंभट, मनमोहन अग्रवाल व जेएस स्वर्णकार मौजूद थे।
इसी क्रम में मरु विकास मंच के प्रादेशिक संयोजक सोहन मेहता ने प्रधानमंत्री व केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री को पत्र भेज जोधपुर में आईआईटी की घोषणा की मांग की। उन्होंने कहा कि कई मौकों पर महत्वपूर्ण घोषणाओं से महरूम हुए मारवाड़ को अब आईआईटी की सौगात मिलनी ही चाहिए। आमजन भी इस मुहिम में शामिल हैं।
संदेश ऐसे भी..
पश्चिमी राजस्थान प्रदेश का पिछड़ा क्षेत्र है तथा यहां आईआईटी खुलने से प्रदेश का विकास होगा। —रानू पटेल
राज्य सरकार प्रदेश के हर जिले को समान नजर से देखे तथा जोधपुर में आईआईटी की सिफारिश करे। —यामिनी गौड़
जोधपुर में आईआईटी खुलने से तकनीकी शिक्षा के विकास के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। —स्वाति ढाका
जोधपुर में कई शिक्षण संस्थान हैं, लेकिन दरकार है आईआईटी की। प्लीज, आईआईटी की जल्द घोषणा करें। —नीतू गोदारा
युवा पीढ़ी का तकनीकी शिक्षा के प्रति झुकाव है। आईआईटी की घोषणा से तकनीकी शिक्षा का विकास होगा। —रेणु जांगिड़
मारवाड़ क्षेत्र को आईआईटी मिलना संपूर्ण पश्चिमी राजस्थान के लिए शैक्षिक परिदृश्य में मील का पत्थर साबित होगा। —राजेश चौधरी