Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

होगा ‘दिल’ का बड़ा इलाज

उदयपुर. मेवाड़-वागड़ के सबसे बड़े राजकीय महाराणा भूपाल अस्पताल के कॉर्डियोलोजी विभाग को अपग्रेड करने की तैयारी की जा रही है।

हिंदुस्तान जिंक लि. की ओर से अस्पताल को अपग्रेड करने वाले कंसलटेंट नियुक्त कर लिए हैं। अब दिल के रोगियों के इलाज में गुणवत्ता आने के साथ ही नई सुविधाएं भी मुहैया होगी। उदयपुर में मेडिको टूरिज्म को भी फायदा होगा।

कलेक्टर कुलदीप रांका से मिलने आए हिंदुस्तान जिंक के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कलेक्टर ने भी आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. एस. के. कौशिक को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

इन प्रस्तावों को राज्य सरकार और हिंदुस्तान जिंक के उच्च प्रबंधन को भेजा जाएगा, जहां से स्वीकृति के बाद कॉर्डियोलोजी अपग्रेडेशन का काम शुरू हो जाएगा। इस बारे में डा. कौशिक ने बताया कि हिंदुस्तान जिंक की ओर से भी प्रस्ताव तैयार करने के लिए कंसलटेंट नियुक्त कर दिए हैं।

उन्होंने बताया कि अपग्रेडेशन के लिए प्रस्ताव तैयार करने में एक माह से अधिक का समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि उदयपुर में कॉर्डियोलोजी के विस्तार से रोगियों के इलाज की गुणवत्ता में इजाफा होगा। नए उपकरणों की मदद से लोगों को जल्द और अच्छा इलाज मिल सकेगा।

यह हो सकता है

थैलियम लैब और नए उपकरण
इस लैब की स्थापना से हृदय रोग से संबंधित विशेष जांच की जा सकेगी। वर्तमान में यह लैब जयपुर, अहमदाबाद और मेट्रो में ही उपलब्ध है। मेडिकल स्टूडेंट्स को भी इसका लाभ मिलेगा। हार्ट सर्जरी में काम आने वाले उपकरणों की उपलब्धता से बाईपास और अन्य सर्जरी करने में मदद मिलेगी।

इलेक्ट्रोफिजियोलोजिकल स्टडी
नए विस्तार के तहत कॉर्डियोलोजी में इलेक्ट्रोफिजियोलोजिकल स्टडी सेंटर की स्थापना की जा सकती है। इसके माध्यम से होने वाले इलाज का भी हृदय रोगियों को लाभ मिलेगा।

भवन निर्माण
नए प्रस्तावों में भवन निर्माण का भी प्रस्ताव रखा जा सकता है, ताकि कॉर्डियोलोजी में बिस्तरों की संख्या बढ़ाई जा सके।

कंसलटेंट देंगे सलाह
अस्पताल अपग्रेड करने की सलाह देने वाले कंसलटेंट और भी कई नई चीजों की सलाह दे सकते हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: