गाले.कोलंबो टेस्ट में भारतीय बल्लबाजों के लिए खौफ का पर्याय बने श्रीलंका के ऑफ स्पिनर मुथैया मुरलीधरन का गाले मैदान में भी आतंक खूब चलता है। देखना है कि गुरुवार से शुरु हो रहे इस मैदान पर मुरलीधरन विकेटों के शतक को पूरा कर पाते हैं या नहीं। गौरतलब है कि मुरलीधरन ने गाले के मैदान में सिर्फ12 टेस्ट मैचों में 16.50 की औसत से 91 विकेट झटके हैं। कोलंबो में हुए पहले टेस्ट में मुरलीधरन ने 11 विकेट झटके थे।
36 वर्षीय मुरली के इस मैदान में विध्वंसक रिकॉर्ड को देखते हुए भारतीय बल्लेबाजों को सतर्कता से उनका सामना करना होगा। इस मैदान पर भारत ने मात्र एक टेस्ट 2001 में खेला था, उसमें उसे 10 विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। 2001 में खेले गए उस मैच में भी भारतीयों पर मुरली का कहर ही बरपा था। इस टेस्ट में मुरली ने 8 विकेट झटक कर श्रीलंका की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
गाले में मुरली का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
मुरली का इस मैदान में एक पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 46 रन पर 7 विकेट और मैच में 171 रन पर 13 विकेट है। मुरलीधरन इस मैदान पर पारी में 5 विकेट दस बार और मैच में 10 विकेट चार बार ले चुके हैं।
श्रीलंका का है शानदार रिकॉर्ड
श्रीलंका का इस मैदान में शानदार रिकार्ड है उसने यहां खेले 12 मैंचों में से 6 जीते हैं और उसे सिर्फ 2 में हार का सामना करना पड़ा है। चार टेस्ट ड्रॅा रहे हैं। इस मैदान पर सर्वाधिक रन बनाने का रिकार्ड मौजूदा श्रीलंकाई कप्तान महेला जयवर्धने के नाम है, जिन्होने यहां 12 मैचों में 1389 रन बनाए हैं। गाले में एक हजार रन बनाने वाले जयवर्धने एकमात्र बल्लेबाज हैं।
टेस्ट मैचों में मुरली के आंकड़े
मैच औसत विकेट पारी में सर्वश्रेष्ठ
121 21.77 746 9/51