Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

50 शिक्षा-मंदिरों पर ताले

ब्यावर. lock जवाजा पंचायत समिति की पांच पंचायतों में शिक्षकों की कमी होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को क्षेत्र की करीब 50 स्कूलों पर तालाबंदी कर खोडमाल चौराहे पर धरना दिया। दो घण्टे तक चले इस धरने में करीब 400 ग्रामीण महिलाएं एवं पुरूष मौजूद थे।

ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए विधायक देवीशंकर भूतड़ा अपने साथ उपखण्ड अधिकारी व माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा के जिला शिक्षा अधिकारियों को मौके पर ले गए। अध्यापकों की कमी को पूरा करने और शिक्षामित्र लगाकर पढ़ाई को सुचारू बनाने के आश्वासन के बाद कहीं जाकर ग्रामीणों ने धरने को समाप्त किया।

माध्यमिक शिक्षा के तहत केवल तीन विद्यालयों में गणित के अध्यापक लगाने की मांग थी जबकि प्राथमिक व मिडिल स्कूलों में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश जाहिर किया था। इस कमी को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को ही उपखण्ड अधिकारी समेत शिक्षा अधिकारियों को अल्टीमेटम दे दिया था कि स्कूलों में शिक्षक नहीं लगाने की सूरत में करीब 80 स्कूलों के ताले लगाए जाएंगे।

बुधवार को मालातों की बेर व टॉडगढ़ पंचायत की स्कूलों को छोड़कर शेष पंचायतों की स्कूलों पर तालाबंदी कर दी गई। इस दौरान ग्रामीण प्रात: करीब सात बजे से उपप्रधान भूरसिंह, सरपंच पृथ्वीपालसिंह, जिला परिषद सदस्य श्रीमती सुमित्रा रावत , पंचायत समिति सदस्य भूरी देवी, आसन सरपंच गणपतसिंह, ज्योतसिंह बामनहेड़ा, सुरेन्द्र सिंह बनजारी, श्रीमती डॉली चौहान बराखन समेत आसन, बनजारी, बड़ाखेड़ा, बामनहेड़ा के लोग स्कूलों को बंद कराने के लिए निकल पड़े।

शिक्षकों ने भी बिना किसी मुसीबत में पड़े ग्रामीणों के कहने के साथ ही बंद कर दी। करीब 50 स्कूलों पर तालाबंदी करवाने के बाद सभी लोग खोडमाल चौराहे पर आकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान करीब 400 पुरूष महिलाएं व बच्चे थे।

अधिकारी पहुंच मौके पर
विधायक देवीशंकर भूतड़ा ने माध्यमिक व प्रांरभिक शिक्षा के जिला शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा व शांतिलाल जैन को ब्यावर स्थित अपने कार्यालय बुलवाया और उनसे पूरी स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद सभी उपखण्ड अधिकारी औंकारमल सैनी के साथ खोडमाल चौराहे पर जारी धरनास्थल पर करीब साढ़े बारह बजे पहुंचे। शर्मा हुए रवाना, जैन को रुकना पड़ा
माध्यमिक शिक्षा के तीन ही मामले पाए जाने पर आश्वासन देने के बाद ओमप्रकाश शर्मा तो अजमेर के लिए रवाना हो गए। लेकिन प्राथमिक व मिडिल स्कूलों के मामलों का निस्तारण करने के लिए विधायक देवीशंकर भूतड़ा ने प्रारंभिक शिक्षा के डीईओ शांतिलाल जैन को वहीं पर रूककर सरपचों के साथ वार्ता कर उनकी समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।

माध्यमिक शिक्षा के निकले सिर्फ तीन
धरने के दौरान पालड़ी, बराखन व खोडमाल सैकण्डरी विद्यालयों में ग्रामीणों ने गणित विषय के शिक्षक लगाने की मांग की। जिला शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे आज ही कार्यालय जाकर उनकी इस मांग को पूरी करते हुए डेपुटेशन पर गणित विषय के शिक्षक लगा देंगे।

विधायक को भी आया ताव
विधायक भूतड़ा को धरनास्थल पर ताव आ गया। उन्होंने ग्रामीणों से छोटी सी बात को लेकर धरना एवं तालाबंदी जैसा कदम उठाने को लेकर उन्हें कोसा। उन्होंने कहा कि अजमेर जिले में 355 शिक्षक मित्रों में से अकेले जवाजा समिति में 170 शिक्षक मित्र लगाए हैं। जहां पर शिक्षकों की कमी होगी वहां पर इन्हें लगाया जाएगा। जिन स्कूलों में ज्यादा शिक्षक होंगे वहां से हटाकर अन्यत्र स्कूलों में डेपुटेशन पर लगाया जाएगा।

इन स्कूलों पर हुई तालाबंदी
सेकंडरी व सीनियर सेकंडरी : बड़ाखेड़ा, बराखन माध्यमिक, बाघमाल, खोडमाल व पालड़ी।
मिडिल : लबूरी, बामनहेड़ा, देवन फतहपुर, गाफा, चरपला, आसन, भगवानपुरा, नेगड़िया, बुजारेल।
प्राथमिक : गुगेला, बालाचराट, बनजारी, सरवाड़, डीन, तिकली, बाडाबगड़, खोडमाल, बड़ाखेड़ा, बराखन, रोडियाना, बूचलिया, गेपूलिया, मेड़िया, पातलातों का बाड़िया, आडा वाला, चरपला, सरूपा व छाजा समेत अन्य स्कूलों पर तालाबंदी की गई।

शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा था। शिक्षकों के पद रिक्त होने को देखते हुए जिले में लगे 355 शिक्षक मित्रों में से जवाजा पंचायत समिति में 170 शिक्षक मित्र लगाए गए हैं। डेपुटेशन पर अथवा इन शिक्षक मित्रों को लगाकर शिक्षकों की कमी को पूरा किया जाएगा।
- देवीशंकर भूतड़ा, विधायक,ब्यावर

जिन तीन स्कूलों में गणित विषय के शिक्षकों की कमी थी। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए वहां पर डेपुटेशन पर शिक्षक लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
-ओमप्रकाश शर्मा, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक)

पांचों ग्राम पंचायतों में जहां भी कमी होगी वहां डेपुटेशन अथवा शिक्षक मित्र लगाकर शिक्षकों की कमी दूर की जाएगी।’
- शांतिलाल जैन, जिला शिक्षाधिकारी (प्रांरभिक)

शांतिपूर्ण वातावरण में हुई बातचीत में पंचायतों में शिक्षकों की कर्मी पूरी करने के आदेश जारी हो गए।
- भूरसिंह रावत, उपप्रधान, जवाजा

बुधवार प्रात: सात बजे ही ग्रामीणों ने स्कूलों की तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया था। विधायक, उपखण्ड अधिकारी व शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हमारी मांगे मान ली। कल से स्कूलें यथावत चलेगी।
- पृथ्वीपाल सिंह, सरपंच





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: