|
बीकानेर. इंजीनियरिंग कॉलेज में ऊर्जा पार्क व कम्प्यूटर लैबोरेट्रीय का उद्घाटन करने पहुंचे शिक्षा मंत्री कालीचरण सर्राफ के सामने कॉलेज को विवि का दर्जा देने की मांग खड़ी हो गई।
मांग कॉलेज के प्राचार्य डॉ.एम.पी.पूनिया ने की। मांग को सुनकर एक बार तो मंत्री सकुचाए लेकिन बाद में कॉलेज में पेट्रोलियम इंजीनियरिंग की विंग शुरू करने के प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी दिलाने का आश्वासन देने से बच निकले। दरअसल पेट्रोलियम इंजीनियरिंग विंग शुरू करने की भी मांग मंत्री के सामने रखी गई थी।
सर्राफ ने कहा कि बीकानेर में होने वाली कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने की कोशिश करूंगा। इसके लिए अलग से मुख्यमंत्री से भी बात करेंगे। मंत्री ने कॉलेज का प्रजेंटेशन देखकर कॉलेज की खूब तारीफ की। सुबह 11.30 पर मंत्री कॉलेज पहुंचे और वहां ऊर्जा पार्क का उद्घाटन किया। इसके बाद कॉलेज का भ्रमण किया।
सर्राफ ने उन कार्यो को भी देखा जिसका शिलान्यास 15 अगस्त को मुख्मंत्री करेंगी। इसमें स्पोटर्स काम्पलेक्स व गल्र्स हॉस्टल का निर्माण शामिल है। वर्ष 2002 में कॉलेज को बंद करने की स्थिति के बाद हुई प्रोग्रेस से मंत्री संतुष्ट हुए और कॉलेज प्रशासन को बधाई दी। बाद में सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां कॉलेज प्रशासन ने मंत्री व उनकी पत्नी को सम्मानित भी किया।
संसदीय सचिव व गोविंद मेघवाल ने भी कॉलेज की खुलकर वकालत की तथा छात्रों के पढ़ने के लिए पुस्तकों की कमी देख तुरंत पांच लाख रुपए की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कॉलेज ने विगत चार वर्षो में बहुत तरक्की की है और इसके लिए कॉलेज प्राचार्य, स्टाफ व यहां के विद्यार्थी बधाई के पात्र हैं। करीब चार घंटे तक मंत्री व संसदीय सचिव कॉलेज में समय बिताया। इस मौके पर पूर्व विधायक नंदलाल व्यास, भाजपा नेता ओम आचार्य, सत्यप्रकाश आचार्य व गोपाल गहलोत सहित कई लोग साथ थे।
मंच मिलते ही चुनावी भाषण
बुधवार को इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचे शिक्षा मंत्री कालीचरण सर्राफ व संसदीय सचिव गोविंद मेघवाल को जैसे ही सैकड़ों इंजीनियरिंग के छात्र व 200 से अधिक स्टाफ की भीड़ दिखाई दी तो दोनों के अंदर का राजनेता जाग गया और सरकार की उपलब्धियों से लेकर कांग्रेस सरकार को कोसने में भी पीछे नहीं रहे।
दोपहर डेढ़ बजे तपती धूप में भी सर्राफ मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का सपना और कांग्रेस सरकार की नीति पर जमकर बोले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पांच दशक तक सिर्फ आश्वासन दिया भाजपा ने करके दिखाया है। छात्रों के सामने भाषण की पटरी से उतरे मंत्री को देख छात्र व स्टाफ में खुसफुसाहट शुरू हो गई।